आपने अक्सर देखा होगा कि कांच, स्टील और प्लास्टिक की बोतलों, केटल, कॉफी मग और फ्लास्क में चाय, कॉफी या जूस के दाग लग जाते हैं. खासकर अगर आपने बर्तन को कई घंटों के लिए गंदा ही छोड़ दिया तो वो दाग बेहद जिद्दी हो जाते हैं जो साबुन से भी साफ नहीं होते. चूंकि बोतल का मुंह छोटा होता है इसलिए हाथ भी अंदर नहीं जा पाता और दाग वहीं रह जाते हैं. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो यहां हम आपको कुछ असरदार ट्रिक्स बता रहे हैं.
बोतल साफ करने के आसान ट्रिक्स
इन दागों को साफ करने के लिए लोग बाहर से ब्रश और कई तरह की चीजें खरीदकर लाते हैं लेकिन ये आसान घरेलू नुस्खे आपकी बोतल को न पूरी तरह साफ कर देंगे बल्कि शीशे जैसा चमका भी देंगे.
बेकिंग सोडा और सिरका का यूज
बोतल में 2 चम्मच बेकिंग सोडा और आधा कप सफेद सिरका डालें. यह मिश्रण झाग छोड़ेगा जो जिद्दी से जिद्दी दागों को ढीला कर देता है. 15 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें.
कच्चे चावल से करें सफाई
अगर बोतल के नीचे हाथ नहीं पहुंच रहा तो मुट्ठी भर कच्चे चावल, थोड़ा सा डिश सोप और थोड़ा पानी डालें. अब बोतल को जोर-जोर से हिलाएं. चावल के दाने स्क्रबर का काम करेंगे और कोनों की गंदगी निकाल देंगे.
नींबू और नमक भी असरदार
जूस के दाग और स्मेल हटाने के लिए नींबू के छिलके और नमक को बोतल में डालकर हिलाएं. इससे बोतल की बदबू खत्म हो जाएगी और वह चमक उठेगी.
गर्म पानी और लिक्विड सोप से करें साफ
रोज की सफाई के लिए बोतल को आधा गर्म पानी से भरें और उसमें लिक्विड सोप डालकर रात भर छोड़ दें. सुबह इसे हिलाकर साफ करें.
बर्फ और सेंधा नमक भी असरदार
कांच की बोतल के लिए बर्फ के टुकड़े और मोटा नमक डालकर हिलाएं. यह दागों को जड़ से खत्म करने का सबसे प्रभावी तरीका है.
aajtak.in