Home Remedies for Mosquitoes: गर्मियां आते ही मच्छरों का आतंक बढ़ने लगता है. शाम होते ही घर के अंदर और बाहर मच्छर परेशान करने लगते हैं. मच्छरों की वजह से न सिर्फ नींद खराब होती है, बल्कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है. अगर आप भी मच्छरों से परेशान हैं और मच्छरों को भगाने वाले प्रोडक्ट में मिलने वाली केमिकल वाली स्प्रे से बचना चाहते हैं, तो आज हम आपको कुछ ऐसे घरेलू उपाय बताने जा रहे हैं जो मच्छरों को आपके घर से दूर भगाएंगे.
घर के आसपास पानी जमा न होने दें
मच्छर अक्सर रुके हुए पानी में पनपते हैं. इसलिए घर के आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें. गमलों, बाल्टियों, कूलर और नालियों में जमा पानी को समय-समय पर साफ करते रहें. इससे मच्छरों के लार्वा पनपने से रोका जा सकता है.
लहसुन का स्प्रे बनाएं
लहसुन में ऐसे नेचुरल कंपाउंड होते हैं जिनकी गंध मच्छरों को पसंद नहीं आती. आप लहसुन को पानी में उबालकर उसका स्प्रे बना सकते हैं. ठंडा होने के बाद इसे खिड़कियों, पौधों या बाहर की जगहों पर छिड़क दें. इससे मच्छर वहां आने से बचते हैं.
एसेंशियल ऑयल का इस्तेमाल करें
एसेंशियल ऑयल भी मच्छरों को दूर रखने में मदद कर सकते हैं. लेमनग्रास ऑयल, यूकेलिप्टस ऑयल और टी ट्री ऑयल की खुशबू मच्छरों को पसंद नहीं होती. आप इन तेलों को पानी में मिलाकर कमरे में स्प्रे कर सकते हैं. इसके अलावा इस मिश्रण में कॉटन बॉल डुबोकर दरवाजों और खिड़कियों के पास रख सकते हैं.
नीम के पत्तों का धुआं करें
पुराने समय में लोग मच्छरों को भगाने के लिए नीम के सूखे पत्तों का धुआं करते थे. इसकी गंध मच्छरों को पसंद नहीं आती. आप नीम के पत्ते जलाकर बालकनी, बरामदे या गार्डन में मच्छरों को दूर रख सकते हैं.
खिड़की और दरवाजों पर जाली लगाएं
मच्छरों को घर में आने से रोकने का एक आसान तरीका है कि खिड़की और दरवाजों पर महीन जाली लगाई जाए. इससे ताजी हवा भी आती रहती है और मच्छर अंदर नहीं आ पाते.
मच्छर भगाने वाले पौधे लगाएं
कुछ पौधों की तेज खुशबू मच्छरों को पसंद नहीं आती. सिट्रोनेला, तुलसी, लैवेंडर और पुदीना जैसे पौधे मच्छरों को दूर रखने में मदद करते हैं. आप इन्हें घर के दरवाजे, खिड़की या बालकनी के पास लगा सकते हैं. ये पौधे न सिर्फ मच्छरों को दूर रखते हैं, बल्कि घर के आसपास हरियाली भी बढ़ाते हैं और हवा को भी बेहतर बनाते हैं.
घर और आसपास साफ-सफाई रखें
घर और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखना भी बहुत जरूरी है. कचरा या घनी झाड़ियां मच्छरों के छिपने की जगह बन जाती हैं. इसलिए घर के आसपास साफ-सफाई रखने से मच्छरों की संख्या कम करने में मदद मिलती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क