Tips To Fix Kadavi Chai: सुबह की पहली चाय हो या शाम की सुकून पाने के लिए पी जाने वाली, चाय का स्वाद अगर ठीक न हो तो पूरा मूड ही खराब हो जाता है. कई बार जल्दबाजी में चाय ज्यादा उबल जाती है या पत्ती थोड़ी ज्यादा पड़ जाती है, जिसकी वजह से चाय का टेस्ट बिगड़ जाता है. पहला घूंट लेते ही समझ आ जाता है कि चाय स्वादिष्ट बनने के बजाय कड़वी हो गई है और फिर उसे पीने का मन ही नहीं करता. आपको लगता है कि ऐसी चाय को सीधा नाली में फेंकने के अलावा कोई ऑप्शन हो ही नहीं सकता है. लेकिन ये सोच पूरी तरह से गलत है.
दरअसल, ऐसी चाय को फेंकने की जरूरत बिल्कुल नहीं है. थोड़ी सी समझदारी और कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आप कड़वी चाय का स्वाद दोबारा ठीक कर सकते हैं. खास बात ये है कि आपको कड़वी चाय ठीक करने के लिए न किसी खास इंग्रेडिएंट्स की जरूरत होती है और न ही ज्यादा मेहनत की. बस सही तरीका अपनाकर आप चाय को फिर से पीने लायक, बल्कि स्वादिष्ट बना सकते हैं.
सवाल ये भी उठता है कि आखिर उबालने से चाय का स्वाद बढ़ने के बजाय बिगड़ कैसे जाता है? इसका जवाब है कि चाय की पत्तियों में टैनिन नाम का तत्व होता है. जब चाय ज्यादा देर तक उबलती है या पत्तियां ज्यादा डाल दी जाती हैं, तो यही टैनिन ज्यादा निकल आता है और चाय कड़वी लगने लगती है. इसके अलावा बहुत तेज आंच पर चाय उबालना भी कड़वाहट की बड़ी वजह हो सकता है.
अगर चाय बहुत ज्यादा तेज और कड़वी बन गई है, तो उसमें थोड़ा सा गर्म पानी मिलाने से आपकी समस्या हल हो सकती है. इससे चाय हल्की हो जाएगी और कड़वाहट कम महसूस होगी.
कड़वी चाय को ठीक करने का एक अच्छा तरीका उसमें थोड़ा सा दूध मिलाना है. दूध में मौजूद प्रोटीन चाय की कड़वाहट को बैलेंस करता है. अगर आपकी चाय काली या बहुत तेज लग रही है, तो थोड़ा और दूध डालकर उबाल लें.
आप चाय की कड़वाहट कम करने के लिए थोड़ी सी शक्कर, गुड़ या शहद भी डाल सकते हैं. इन्हें डालने से चाय की कड़वाहट काफी हद तक छुप जाती है और स्वाद बेहतर हो जाता है.
अगर चाय बहुत कड़वी हो गई है, तो उसमें इलायची या दालचीनी डालकर दोबारा हल्का उबाल दें. इससे चाय की खुशबू बढ़ेगी और कड़वाहट भी कम लगेगी.
अगर आप बिना दूध वाली चाय पीना पसंद करते हैं और वो कड़वी हो गई है तो उसे नींबू का रस डालकर ठीक किया जा सकता है. बिना दूध वाली चाय में थोड़ा सा नींबू का रस डालने से चाय का स्वाद फ्रेश और हल्का खट्टा-मीठा हो जाता है. ध्यान रहे, दूध वाली चाय में नींबू न डालें, वरना दूध फट सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क