विजय ने तैयार किया सरकार बनाने का प्लान! इन चार पार्टियों को देंगे गठबंधन का न्योता

सूत्रों के मुताबिक, विजय विपक्षी दलों के साथ मिलकर सरकार बनाने की योजना बना रहे हैं. ऐसे में उनकी पार्टी वीसीके, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवाद), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और कांग्रेस से बातचीत कर सकती है. ऐसे में इन पार्टियों को जल्द ही बातचीत के लिए आमंत्रण भेजा जा सकता है.

Advertisement
विजय की टीवीके का क्या है प्लान? (Photo: PTI) विजय की टीवीके का क्या है प्लान? (Photo: PTI)

प्रमोद माधव

  • नई दिल्ली,
  • 05 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:15 PM IST

अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके ने तमिलनाडु में शानदार आगाज किया है. टीवीके ने 108 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है. लेकिन पार्टी बहुमत के 118 के आंकड़ें को छू नहीं पाई. ऐसे में खबर है कि विजय की पार्टी गठबंधन में सरकार बनाने की संभावनाएं तलाश रही है. 

सूत्रों के मुताबिक, विजय विपक्षी दलों के साथ मिलकर सरकार बनाने की योजना बना रहे हैं. ऐसे में उनकी पार्टी वीसीके, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवाद), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और कांग्रेस से बातचीत कर सकती है. ऐसे में इन पार्टियों को जल्द ही बातचीत के लिए आमंत्रण भेजा जा सकता है.

Advertisement

विजय के आवास पर बैठक हो रही है. मंत्रियों के नाम पर मंथन जारी है. इस बैठक में संभावित गठबंधन पर भी चर्चा हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक, वीसीके और लेफ्ट पार्टी राज्य में टीवीके के साथ गठबंधन में शामिल नहीं होगी. कांग्रेस को लेकर अभी कुछ कहा नहीं जा सकता. विजय सात मई को शपथ लेने की योजना बना रहे हैं. 

बता दें कि कांग्रेस, वीसीके, सीपीआई, सीपीआई(एम) और आईयूएमएल पहले द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस का हिस्सा रहे हैं. 23 अप्रैल को हुए चुनावों में कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं जबकि आईयूएमएल, सीपीआई, सीपीआई(एम) और वीसीके को दो-दो सीटें मिली हैं. अगर कांग्रेस और सहयोगी दल दरअसल टीवीके के साथ आने का फैसला कर लेते हैं तो विजय की पार्टी आसानी से बहुमत का आंकड़ा पार कर सकती है.

Advertisement

बता दें कि टीवीके ने स्टालिन की अगुवाई वाली डीएमके को सत्ता से बाहर कर दिया है. डीएमके सिर्फ 59 सीटें ही जीत पाई हैं. चुनाव के बाद विजय ने अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई है, जिसमें उन्हें सर्वसम्मति से टीवीके विधायक दल का नेता चुना गया.

कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने कहा कि पार्टी टीवीके के साथ गठबंधन पर सोच-समझकर और सामूहिक रूप से फैसला लिया जाएगा,  जिसमें तमिलनाडु के हित को प्राथमिकता दी जाएगी.

उन्होंने कहा कि बहुत सी चीजों का विश्लेषण करना होगा लेकिन तमिलनाडु के लोगों ने जो जनादेश दिया है, उसे हमें स्वीकार करना चाहिए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस अपने वैचारिक रुख से समझौता नहीं करेगी और भविष्य का कोई भी निर्णय उसी के अनुरूप होगा. आंतरिक मतभेदों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अलग-अलग राय होना स्वाभाविक है, लेकिन पार्टी अवसरवादी नहीं है और अपने सिद्धांतों पर कायम रहती है.

उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व और संसदीय समिति करेगी और वह तमिलनाडु के हित में होगा. इसके साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि कांग्रेस अभी भी डीएमके के साथ है और किसी भी बदलाव से पहले व्यापक चर्चा होगी.

विजय के पिता एसए.चंद्रशेखर ने कांग्रेस से टीवीके का समर्थन करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि विजय कांग्रेस को वह सत्ता वापस दिला सकते हैं, जो वह खो चुकी है.

Advertisement

TVK की ऐतिहासिक जीत

टीवीके ने इस चुनाव में बड़ा उलटफेर करते हुए डीएमके को हरा दिया. एमके स्टालिन अपनी कोलाथुर सीट भी हार गए. अन्नाद्रमुक 47 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रही. AIADMK के सहयोगियों में पट्टाली मक्कल काची ने चार सीटें जीतीं, जबकि भारतीय जनता पार्टी और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम को एक-एक सीट मिली. देशिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम ने भी एक सीट जीती.

विजय ने पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व सीटों से जीत दर्ज की और उनकी पार्टी ने करीब 35 फीसदी वोट शेयर हासिल किया. ध्यान देने वाली बात यह है कि विजय ने फरवरी 2024 में घोषणा की थी कि टीवीके अकेले चुनाव लड़ेगी और डीएमके, एआईएडीएमके या बीजेपी के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी. उन्होंने अपनी पार्टी को एक वैकल्पिक राजनीतिक शक्ति के रूप में पेश किया और भ्रष्टाचार विरोधी एजेंडे पर चुनाव लड़ा.

अगर टीवीके सरकार बनाने में सफल होती है, तो यह तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में एक बड़ा मील का पत्थर होगा क्योंकि पहली बार कोई पार्टी गठन के महज दो साल के भीतर सत्ता में आएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement