राम मंदिर निर्माण में अब तक 540 करोड़ हुए खर्च, भक्तों ने दान किया 20 किलो सोना, 13 क्विंटल चांदी

ट्रस्ट के अनुसार अब तक राम मंदिर के निर्माण में 540 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं. ये सिर्फ मंदिर निर्माण का खर्च है. ट्रस्ट के अधिकारियों ने बताया कि मंदिर निर्माण के अलावा अन्य व्यवस्थाओं पर अब तक 776 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं.

Advertisement
राम मंदिर निर्माण पर हुए खर्च का ब्यौरा आया सामने. राम मंदिर निर्माण पर हुए खर्च का ब्यौरा आया सामने.

शिल्पी सेन

  • नई दिल्ली,
  • 27 अगस्त 2024,
  • अपडेटेड 2:48 PM IST

अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम को 7 महीने बीत चुके हैं. इस बीच श्रीराम ट्रस्ट ने अब तक मंदिर के निर्माण कार्य में होने वाले खर्च का लेखा जोखा सार्वजनिक किया है. ट्रस्ट ने आने वाले समय में अनुमानित व्यय और प्राण प्रतिष्ठा समारोह की व्यवस्था में हुए खर्च का ब्योरा भी दिया है. अयोध्या में ट्रस्ट की बैठक में सभी सदस्यों के साथ ये जानकारियां साझा की गई हैं. इसके अनुसार अब तक 540 करोड़ रुपए मुख्य मंदिर के निर्माण कार्य में खर्च हो चुके हैं तो वहीं आगे के मंदिर और अन्य निर्माण के लिए करीब 850 करोड़ रुपए का अनुमानित व्यय होगा. इधर मंदिर में रामलला के भक्त भी दिल खोल कर दान कर रहे हैं.

Advertisement

जानें अब तक कितना पैसा हुआ खर्च

अयोध्या में बन रहे रामलला के भव्य मंदिर का प्रथम चरण पूरा हो चुका है. ट्रस्ट के अनुसार अब तक राम मंदिर के निर्माण में 540 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं. ये सिर्फ मंदिर निर्माण का खर्च है. ट्रस्ट के अधिकारियों ने बताया कि मंदिर निर्माण के अलावा अन्य व्यवस्थाओं पर अब तक 776 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. अधिकारियों ने बताया कि मंदिर में लाइटिंग, सुरक्षा और दूसरे रखरखाव के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार व्यवस्था की गई है. पावर स्टेशन और यात्री सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनपर खर्च हुआ है.

दिल खोलकर दान कर रहे रामभक्त

ट्रस्ट ने मंदिर निर्माण और अन्य खर्चों के साथ ट्रस्ट को होने वाली आय की भी जानकारी साझा की है. इससे पता चलता है कि रामभक्त दिल खोलकर दान कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार, अब तक भक्तों ने 20 किलो सोना और 13 क्विंटल चांदी दान की है. सोने चांदी की शुद्धता की जांच नियमानुसार की जाएगी. 

Advertisement

भक्तों ने काउंटर पर 53 करोड़ अर्पित किए 

श्रीराम ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने ब्योरा देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-2024 में मंदिर के काउंटर पर जाकर भक्तों ने 53 करोड़ रुपए दान दिए. इसमें चेक और कैश से मिली धनराशि है, जबकि रामलला के दानपात्र में 24 करोड़ 50 लाख से ज़्यादा की राशि आई है. इसकी गिनती अभी जारी है. 

यह भी पढ़ें: कौन होगा उत्तराधिकारी..? राम मंदिर के लिए महंत ने दिए थे 1 करोड़, अब वसीयत पर छिड़ी जंग

ट्रस्ट ने ऑनलाइन दान की भी जानकारी दी थी. रामलला के भक्तों ने 71 करोड़ रुपए ट्रस्ट के अकाउंट में जमा किए हैं. विदेशों से रामलला को दान देने के इच्छुक भक्तों की संख्या को देखते हुए नवंबर 2023 में श्रीराम ट्रस्ट ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराया था. इस साल मार्च तक इससे 10 करोड़ 43 लाख रुपए ट्रस्ट के अकाउंट में जमा हुए हैं. 

ट्रस्ट को खाते में जमा धन पर 204 करोड़ ब्याज मिला 

ट्रस्ट ने आय व्यय का विवरण पेश करते हुए ये भी साझा किया है कि मंदिर निर्माण के लिए और अन्य साधनों से श्रीराम ट्रस्ट के बैंक खाते में जो धन जमा है उस पर इस वित्तीय वर्ष में 204 करोड़ रुपये ब्याज मिला है. मंदिर निर्माण के आगे की रणनीति और डिज़ाइन को देखते हुए तेज़ी से काम जारी है. आने वाले समय में मंदिर के निर्माण कार्य पर 670 करोड़ रुपए और अन्य निर्माण कार्यों पर 180 करोड़ ( अनुमानित 850 करोड़) रुपए की धनराशि खर्च होगी. मार्च 2025 तक दूसरा चरण पूरा होने की उम्मीद है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »