तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में पार्टी की करारी हार के बाद AIADMK के अंदर अशांति के नए संकेत उभरे हैं. सूत्रों के मुताबिक, विधायकों और पूर्व मंत्रियों का एक तबका मांग कर रहा है कि पार्टी प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी अपने पद से हट जाएं. हालांकि, सूत्रों ने यह भी बताया कि पार्टी के कुछ वर्गों से बढ़ते दबाव के बावजूद EPS इस्तीफा देने को तैयार नहीं हैं.
AIADMK के सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के सीनियर लीडर CV षणमुगम के समर्थक विधायकों और कई पूर्व मंत्रियों ने EPS को साफ तौर पर बता दिया है कि लगातार चार चुनावी हार के बाद वे अब और उनकी अगुवाई स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं.
23 अप्रैल को हुए चुनावों में AIADMK 293 सीटों में से सिर्फ 47 सीटें ही जीत पाई थी.
पार्टी में बढ़ा अंदरूनी गुस्सा...
सूत्रों ने बताया कि बार-बार मिल रही चुनावी हार ने AIADMK के अंदर मनोबल को बुरी तरह प्रभावित किया है और नेतृत्व की राजनीतिक रणनीति को लेकर अंदरूनी गुस्सा और भी बढ़ गया है. उन्होंने आगे कहा कि EPS खेमे और षणमुगम के समर्थक नेताओं के बीच बढ़ती खाई ने AIADMK के अंदर संभावित विभाजन की आशंकाओं को और भी हवा दे दी है.
पहले ऐसी चर्चा ज़ोरों पर थी कि षणमुगम के नेतृत्व वाला गुट, अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी 'तमिलगा वेट्री कज़गम' (TVK) के साथ गठबंधन कर सकता है. उस वक्त TVK सरकार बनाने के लिए ज़रूरी संख्या जुटाने में लगी हुई थी.
TVK ने विधानसभा चुनावों में शानदार शुरुआत करते हुए 108 सीटें जीतीं, लेकिन बहुमत के आंकड़े से 10 सीटें पीछे रह गई। CPI, CPI (M), विदुथलाई चिरुथाइगल काची (VCK) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के साथ कई दिनों तक चली गहन बातचीत के बाद, TVK आखिरकार बहुमत का आंकड़ा पार करने में सफल रही. इसके बाद, रविवार को एक भव्य समारोह में विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु सरकार में पहले ही दिन रार, सीएम विजय से इस बात पर नाराज हो गई सहयोगी पार्टी
जब TVK बहुमत का आंकड़ा पार करने की कोशिश में जुटी थी, तभी पिछले हफ़्ते षणमुगम सहित 30 से ज्यादा विधायक पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में डेरा डाले रहे. यह सब विजय के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन की बढ़ती चर्चाओं के बीच हुआ. बाद में, EPS अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश में उस रिसॉर्ट में पहुंचे.
ऐसी भी खबरें थीं कि डीएमके ने AIADMK के साथ परदे के पीछे से बातचीत शुरू कर दी थी. बताया जाता है कि इस कदम से षणमुगम नाराज़ हो गए थे और इसी वजह से उन्होंने TVK के नेतृत्व वाली सरकार के साथ हाथ मिलाने का फ़ैसला कर लिया.
अनघा