उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी के मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए राज्यपाल ने 6 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई, जबकि 2 नेताओं को प्रमोशन दिया गया. वहीं, थलपति विजय ने सीएम पद की शपथ लेते ही तमिलनाडु की जनता को 200 यूनिट फ्री बिजली का तोहफा दिया. इन खबरों के अलावा, एशियन डेवलपमेंट बैंक ने भारत की जीडीपी ग्रोथ के अनुमान में बड़ी कटौती की है. पढ़ें रविवार शाम की बड़ी खबरें.
दो मंत्रियों का प्रमोशन, 6 नए चेहरे... UP में योगी मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार
UP में रविवार को CM योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है. शपथ ग्रहण समारोह में कुल 6 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, जबकि 2 नेताओं को प्रमोशन देकर नई ज़िम्मेदारी सौंपी गई. शपथ लेने वाले नेताओं में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडे, अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत शामिल हैं.
CM Vijay Big Gift: 200 यूनिट फ्री बिजली... CM विजय ने पूरे किए 3 वादे, अभी तो लंबी है लिस्ट
तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ लेने के बाद थलपति विजय ने अपने चुनावी वादों को पूरा करना भी शुरू कर दिया है. उन्होंने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए हर महीने 200 यूनिट फ्री बिजली का ऐलान किया है. इसके अलावा उन्होंने हर ज़िले में एंटी ड्रग यूनिट और महिला सुरक्षाबल के गठन के ऑर्डर पर साइन किए हैं.
US-Iran War Impact: रोज ₹1700Cr का घाटा, ईरान युद्ध से संकट में तेल कंपनियां, क्या एक ही रास्ता?
अमेरिका और ईरान युद्ध का असर भारतीय पेट्रोलियम कंपनियों पर देखने को मिल रहा है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, ग्लोबल एनर्जी प्राइस में बढ़ोतरी के बावजूद देश में ईंधन की कीमतें यथावत रखने से तेल कंपनियों को रोज़ ₹1600 से 1700 करोड़ का नुकसान उठाना पड़ रहा है. माना जा रहा है कि भारत में ईंधन की कीमतों में 15 मई से पहले बढ़ोतरी हो सकती है.
US-Iran War Impact: क्या भारत में फूटेगा महंगाई का बम? GDP के लिए विदेश से आई बुरी खबर
एशियन डेवलपमेंट बैंक ने भारत की जीडीपी ग्रोथ के अनुमान में बड़ी कटौती की है. इस कटौती के पीछे का बड़ा कारण अमेरिका-ईरान युद्ध से पैदा हुई रुकावट के चलते कच्चे तेल की कीमतों में उछाल बताया है. एडीबी के चीफ इकोनॉमिस्ट अल्बर्ट पार्क ने कहा कि भारत की जीडीपी वृद्धि में 0.6 फीसदी की कमी आएगी, जिससे यह 6.3 फीसदी पर आ जाएगी.
असम में फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे हिमंता, विधायक दल की बैठक में नेता चुने गए
हिमंता बिस्वा सरमा को असम विधानसभा में BJP के नेतृत्व वाले एनडीए का नेता चुना गया है. हिमंता 12 मई को CM पद की शपथ लेंगे. विधायक दल की बैठक में बैठक में नड्डा और हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे. हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार राज्य की कमान संभालेंगे.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और खिलाड़ियों के बीच सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट को लेकर ठन गई है. एक रिपोर्ट के मुताबिक कम से कम पांच सीनियर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने नए नेशनल कॉन्ट्रैक्ट पर साइन नहीं किए हैं. कुछ खिलाड़ी नए कॉन्ट्रैक्ट में मिलने वाली रकम से खुश नहीं हैं, जबकि कुछ खिलाड़ी विदेशी टी20 लीग्स में खेलने के लिए अधिक आजादी चाहते हैं.
नॉर्थ कोरिया का नया संविधान, किम जोंग उन को कुछ हुआ तो होगा ऑटोमैटिक न्यूक्लियर अटैक
उत्तर कोरिया ने अपने संविधान में बड़ा बदलाव किया है. इसके तहत उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन की हत्या हो जाती है या विदेशी हमले में देश की कमांड व्यवस्था नष्ट हो जाती है, तो सेना को ऑटोमैटिक परमाणु हथियारों से जवाबी हमला करना होगा. इसके लिए अलग आदेश की ज़रूरत नहीं होगी. दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने यह जानकारी दी है.
हिमाचल प्रदेश बोर्ड 10वीं में अनमोल ने किया टॉप, 700 में से पाए 699 नंबर
हिमाचल प्रदेश बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने 10वीं के परिणाम जारी कर दिए हैं. इस साल बोर्ड परीक्षा में 83.87 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं. इस साल टॉप -3 में कुछ 6 छात्रों ने अपनी जगह बनाई है. कांगड़ा ज़िले की रहने वाली अनमोल ने इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है. उन्होंने 700 में से 699 नंबर हासिल किए हैं.
MP के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सीएम हाउस में केपी यादव को राज्य खाद्य आपूर्ति निगम का अध्यक्ष बनने पर बधाई दी. CM ने केपी यादव की नियुक्ति का जिक्र करते हुए कहा, "आपकी इस नियुक्ति का आनंद दोगुना है. एक तो नई ज़िम्मेदारी मिली है और दूसरी ओर हमने दुश्मनों के किले में फतह हासिल की है." इसके बाद पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठा.
CUET-UG 2026 परीक्षा कल से शुरू पर उससे पहले NTA ने जारी कर दी गाइडलाइन, न करें ये गलती
CUET-UG 2026 की परीक्षा 11 मई से शुरू होने जा रही है. इसे लेकर NTA ने गाइडलाइन जारी कर दी है. जिन उम्मीदवारों की लाइव फोटो आधार या रजिस्टर्ड ID प्रूफ से मैच नहीं करती है, उन्हें प्रमाणित ओरिजिनल सर्टिफिकेट साथ ले जाना होगा. वहीं, रिलीजियस और ट्रेडिशिनल कपड़े कैरी करने वाले छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा.
aajtak.in