'भय और अफवाह फैला रही कांग्रेस', ईरान युद्ध का जिक्र कर PM मोदी ने साधा निशाना

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच उस पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का अरोप लगाया है. प्रधानमंत्री ने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए विपक्ष पर अफवाह फैलाने और अस्थिरता पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाया, और कहा कि ऐसे समय में देशहित सर्वोपरि होना चाहिए.

Advertisement
वैश्विक संकट के बीच पीएम मोदी ने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील की. (Photo: PTI) वैश्विक संकट के बीच पीएम मोदी ने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील की. (Photo: PTI)

ब्रिजेश दोशी

  • गांधीनगर,
  • 31 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:52 PM IST

गुजरात के वाव-थराद में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर अफवाह की राजनीति करने का आरोप लगाया. प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी अस्थिरता के बीच कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने की साजिश कर रही है. सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने वैश्विक स्तर पर पेट्रोल, डीजल और गैस को लेकर पैदा हुए संकट का जिक्र किया. अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत मजबूती के साथ खड़ा है और देश की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है.

Advertisement

उन्होंने कहा कि आज दुनिया के कई देश युद्ध और अशांति से जूझ रहे हैं, खासकर पश्चिम एशिया की स्थिति का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में भारत ने हालात को नियंत्रण में बनाए रखा है और इसका सबसे बड़ा कारण देशवासियों की एकजुटता और मजबूत विदेश नीति है. उन्होंने जोर देते हुए कहा, 'भारत की ताकत हमेशा मुश्किल समय में एकजुट रहने की रही है. जब दुनिया संकट में होती है, तब भारत स्थिरता का उदाहरण पेश करता है.'

यह भी पढ़ें: एक भ्रष्ट, दूसरा महाभ्रष्ट... केरल में बोले PM मोदी- LDF-UDF के 'डबल गेम' से ऊब चुकी है जनता

प्रधानमंत्री ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में भी कुछ राजनीतिक दल देश को बांटने और अफवाह फैलाने में लगे हैं. उन्होंने कहा कि जब देश को संयम और एकजुटता की जरूरत है, तब विपक्ष लोगों को भड़काने का काम कर रहा है. पीएम ने यह भी कहा कि कई देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन भारत में कीमतें स्थिर रखी गईं, जिससे आम लोगों पर महंगाई का बोझ नहीं पड़ा.

Advertisement

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस स्थिति से असहज है और अफवाहें फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है. पीएम मोदी ने कहा कि हाल के दिनों में कुछ घटनाओं के जरिए अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब करने की भी कोशिश की गई है, जिसे देश को समझने की जरूरत है. प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में सतर्क रहने और एकजुट रहने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि भारत को कमजोर करने वाली ताकतों से सावधान रहना होगा और देशहित को सर्वोपरि रखना होगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement