सूरत में अवैध पेट्रोल पंप का भंडाफोड़, 800 लीटर डीजल जब्त

सूरत में पुलिस ने चाय की एक टपरी के बगल में चल रहे अवैध पेट्रोल पंप का भंडाफोड़ किया है. यहां से घटिया क्वालिटी का डीजल सस्ते दामों पर बेचा जा रहा था. पुलिस ने मौके से 800 लीटर ईंधन और दो टैंकर जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 22.70 लाख रुपये है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है.

Advertisement
सूरत में डीजल माफिया के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई (Representative Photo) सूरत में डीजल माफिया के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई (Representative Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 28 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:06 AM IST

गुजरात के सूरत में पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है. यहां अमरोली इलाके में अवैध रूप से पेट्रोल पंप चलाकर सस्ता और घटिया क्वालिटी का डीजल बेचने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में ईंधन और टैंकर भी बरामद किए हैं.

मामला अमरोली-वेलंजा रोड का है. यहां अंजनी इंडस्ट्रीज कैनाल के पास एक चाय की टपरी के ठीक बगल में इन शातिर ठगों ने अपना अवैध धंधा जमा रखा था. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अमरोली पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर जेबी वानर ने बताया कि आरोपी यहां से कम दाम पर खराब क्वालिटी का डीजल बेच रहे थे. पुलिस को जैसे ही इसकी भनक लगी, टीम ने फौरन छापेमारी कर दी.

Advertisement

लाखों का सामान और डीजल बरामद

पुलिस ने इस कार्रवाई में 43 साल के भरत केरासिया और 32 साल के महेश खिसडिया को धर दबोचा है. मौके से करीब 800 लीटर घटिया डीजल जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 61,600 रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा पुलिस ने दो टैंकर और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. पकड़े गए पूरे सामान की कुल कीमत करीब 22,69,600 रुपये आंकी गई है.

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पूछताछ में पता चला है कि इस रैकेट में दो और लोग भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं. पुलिस की टीमें उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही हैं. फिलहाल, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ये लोग इतना सारा डीजल लाते कहां से थे और अब तक कितने लोगों को चूना लगा चुके हैं.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement