गुजरात के सूरत में पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है. यहां अमरोली इलाके में अवैध रूप से पेट्रोल पंप चलाकर सस्ता और घटिया क्वालिटी का डीजल बेचने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में ईंधन और टैंकर भी बरामद किए हैं.
मामला अमरोली-वेलंजा रोड का है. यहां अंजनी इंडस्ट्रीज कैनाल के पास एक चाय की टपरी के ठीक बगल में इन शातिर ठगों ने अपना अवैध धंधा जमा रखा था. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अमरोली पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर जेबी वानर ने बताया कि आरोपी यहां से कम दाम पर खराब क्वालिटी का डीजल बेच रहे थे. पुलिस को जैसे ही इसकी भनक लगी, टीम ने फौरन छापेमारी कर दी.
लाखों का सामान और डीजल बरामद
पुलिस ने इस कार्रवाई में 43 साल के भरत केरासिया और 32 साल के महेश खिसडिया को धर दबोचा है. मौके से करीब 800 लीटर घटिया डीजल जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 61,600 रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा पुलिस ने दो टैंकर और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. पकड़े गए पूरे सामान की कुल कीमत करीब 22,69,600 रुपये आंकी गई है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पूछताछ में पता चला है कि इस रैकेट में दो और लोग भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं. पुलिस की टीमें उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही हैं. फिलहाल, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ये लोग इतना सारा डीजल लाते कहां से थे और अब तक कितने लोगों को चूना लगा चुके हैं.
aajtak.in