Delhi: डाबरी फ्लाईओवर से गिरकर जोमैटो डिलीवरी बॉय की मौत, टक्कर मारकर फरार हुआ कार चालक

दिल्ली के डाबरी फ्लाईओवर पर 30 अप्रैल को हुए सड़क हादसे में जोमैटो डिलीवरी बॉय राजकुमार की मौत हो गई. स्कूटी और कार की टक्कर के बाद वह फ्लाईओवर से गिर गया. कार चालक मौके से फरार है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है.

Advertisement
सड़क हादसे में जोमैटो डिलीवरी बॉय की मौत. (Photo: Representational) सड़क हादसे में जोमैटो डिलीवरी बॉय की मौत. (Photo: Representational)

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली ,
  • 30 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:09 PM IST

दिल्ली के डाबरी फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जहां एक 25 साल के डिलीवरी बॉय की मौत हो गई. मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जो जोमैटो में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था. यह हादसा 30 अप्रैल 2026 को सुबह करीब साढ़े 6 बजे पंखा रोड स्थित डाबरी फ्लाईओवर पर हुआ.

घटना की जानकारी पुलिस को एक पीसीआर कॉल के जरिए मिली. कॉलर ने बताया कि एक युवक डाबरी फ्लाईओवर से गिर गया है और उसे तुरंत एंबुलेंस की जरूरत है. यह कॉल सुबह 7 बजकर 35 मिनट दर्ज की गई. सूचना मिलते ही जनकपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

Advertisement

मौके पर पहुंचने पर जांच अधिकारी ने पाया कि एक स्कूटी और एक मारुति स्विफ्ट कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़ी थीं. स्कूटी का नंबर DL3***5576 था, जिसे मृतक राजकुमार चला रहा था. बताया गया कि दुर्घटना के दौरान वह फ्लाईओवर से गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं.

डाबरी फ्लाईओवर पर सुबह हुआ दर्दनाक हादसा

राजकुमार को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है.

पुलिस के अनुसार, जिस कार से टक्कर हुई उसका नंबर DL9***5711 है, जो शंकर नाम के युवक के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है. शंकर दिल्ली के डाबरी पार्ट 2 का निवासी है. हालांकि, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और उसे पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.

Advertisement

इस मामले में जनकपुरी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 125A और 106 के तहत केस दर्ज किया है. हादसे की वजह और पूरी घटनाक्रम को समझने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज, केस दर्ज

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि स्कूटी और कार के बीच टक्कर हुई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ. हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है.  यह हादसा एक बार फिर दिल्ली में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता है. सुबह के समय हुए इस हादसे ने एक परिवार से उनका कमाने वाला सदस्य छीन लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »