सिगरेट और तंबाकू का सेवन एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या है. कई लोग इनको छोड़ना भी चाहते हैं, लेकिन बहुत इलाज के बाद भी वह फिर से इनकी ओर लौट जाते हैं. अब एक नई रिसर्च में दावा किया गया है कि योग करने से तंबाकू छोड़ने में मदद मिल सकती है. यह रिसर्च दिल्ली AIIMS के सेंटर फॉर इंटीग्रेटिव मेडिसन एंड रिसर्च और कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ. गौतम शर्मा के नेतृत्व में की गई है. इसको निकोटीन एंड टोबैको रिसर्च जर्नल में प्रकाशित किया गया है.
इस रिसर्च को करने का मकसद यह पता लगाना था कि क्या योग तंबाकू और सिगरेट छोड़ने में फायदेमंद है या नहीं. इस रिसर्च में अमेरिका और भारत समेत कई देशों के 629 लोगों को शामिल किया गया था. इसके लिए सात अलग- अलग ट्रायल किए गए. नतीजों से यह पता चला है कि योग करने वाले लोगों में धूम्रपान छोड़ने की संभावना अधिक है, हालांकि सभी अध्ययनों में एक जैसे परिणाम नहीं मिले, लेकिन कुल मिलाकर योग का प्रभाव सकारात्मक दिखाई दिया है.
योग से तंबाकू और सिगरेट छोड़ने में कैसे मदद मिलती है?
डॉ. गौतम शर्मा के मुताबिक, रोज योग करने से मानसिक तनाव कम होता है. यह डिप्रेशन को भी कंट्रोल करने में मदद करता है. अगर ये मानसिक परेशानियां कम होती हैं तो फिर सिगरेट और तंबाकू का सेवन करने की तलब भी कम होने लगती है. ऐसा इसलिए क्योंकि कई लोग ऐसे हैं जो मानसिक तनाव के कारण इनका सेवन करते हैं. इसके अलावा योग ब्रेन पर अच्छा असर करते हैं जिससे स्मोकिंग छोड़ने की प्रेरणा भी मिलती है. रिसर्च से यह साफ हुआ है कि तंबाकू छोड़ने की प्रक्रिया में योग काफी फायदेमंद है.
यह भी पढ़ें: स्वामी रामदेव ने गिनाए योग के फायदे, योगासन करके ठीक हुए लोगों से मिलाया, देखें
कौन से योग सिगरेट और तंबाकू छोड़ने में मिले फायदेमंद
रिसर्च में हठ योग, विन्यास योग और अयंगर योग को फायदेमंद बताया गया है. इन योग से मानसिक तनाव और डिप्रेशन कम होता है. रिसर्च के दौरान यह भी देखा गया कि योग करने वालों की जीवन गुणवत्ता में सुधार हुआ. जिन लोगों ने नियमित रूप से योग किए उन्होंने बताया कि उनका मानसिक तनाव कम हुआ है और वह अब काफी अच्छा महसूस करते हैं.
यह भी पढ़ें: योग-डे के लिए 7 दिन कोलकाता का रेड रोड बंद... शुभेंदु सरकार के आदेश को HC में चुनौती, होगी सुनवाई
योग के साथ ये भी जरूरी
डॉ गौतम कहते हैं कि रिसर्च में योग को तंबाकू छोड़ने में फायदेमंद माना गया है, लेकिन यह एकमात्र इलाज नहीं माना जा सकता है. अगर दवाओं, काउंसलिंग और मेडिकल उपचार के साथ ये योग भी करें तो बहुत बेहतर परिणाम मिल सकते हैं. योग निकोटिन की लत से छुटकारा पाने की दिशा में एक उपयोगी कदम साबित हो सकता है.
अभिषेक पांचाल