फैक्ट चेक: बेटे को जबरन जंग में भेजने का विरोध करने पर इजरायली महिला से बदसलूकी? नहीं, ये है वीडियो की असलियत

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को इजरायल से जोड़कर भ्रामक दावा किया जा रहा है कि महिला ने बेटे को जंग में भेजने का विरोध किया तो पुलिस ने बदसलूकी की. आजतक के फैक्ट चेक में जानें इस वायरल वीडियो की सच्चाई...

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये इजरायली महिला अपने बेटे को जबरन जंग में भेजे जाने का विरोध कर रही थी जिसके बाद वहां की पुलिस ने महिला का ये हाल कर दिया.
सच्चाई
इसका वीडियो का इजरायल से कोई लेना-देना नहीं है. ये घटना कैलिफोर्निया, अमेरिका के San Diego शहर की है.

फैक्ट चेक ब्यूरो

  • नई दिल्ली,
  • 28 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:10 PM IST

ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच छिड़ी जंग फिलहाल खत्म होती नहीं नजर आ रही है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक महिला और पुलिसकर्मी के बीच झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है.

वीडियो में एक पुलिसकर्मी, एक महिला के साथ हाथापाई करता नजर आ रहा है. पुलिसकर्मी महिला को जमीन पर पटकता हुआ भी दिखाई देता है. महिला को चिल्लाते हुए भी देखा जा सकता है. अब सोशल मीडिया पर कुछ लोगों का कहना है कि ये घटना इजरायल की है जहां एक महिला, अपने बेटे को जबरदस्ती जंग में भेजे जाने का विरोध कर रही थी. इस दौरान इजरायली पुलिस ने उसके साथ ये बदसलूकी की.

Advertisement

वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “इस इजरायली महिला का बेटा जंग में नहीं जाना चाहता था. उसने इजरायली अधिकारियों का विरोध किया तो उसके साथ उसने इस तरह का व्यवहार किया.एक दिन पहले ही इजरायली सेना के प्रमुख ने कहा था कि सेना कोलेप्स कर रही है. अब जबरन सेना में भर्ती की जा रही है. ईरान ने इजरायल को इस स्थिति तक तो ला दिया है. अगर एक महीने और जंग चली तो सोचा जा सकता है कि उसका क्या हाल होगा.”

इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये घटना अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुई थी. इसका इजरायल से कोई लेना-देना नहीं है.

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो की कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये "Mexicano" नाम के न्यूज आउटलेट के फेसबुक पेज पर मिला. पोस्ट के मुताबिक, वीडियो कैलिफोर्निया के San Diego शहर का है. जहां लिंडा विस्टा स्केटबोर्ड पार्क में एक महिला और पुलिस के बीच हाथापाई की नौबत तक आ गई. इस पोस्ट के मुताबिक महिला ने पार्क में कुछ बच्चों से अनुचित व्यवहार किया. इसके बाद वहां पुलिस आई.

Advertisement

यूट्यूब पर मौजूद वीडियो के लंबे वर्जन  में महिला को पार्क में मौजूद बच्चों से बहस करते देखा जा सकता है. इस वीडियो में पार्क का नाम - “लिंडा विस्टा स्केटबोर्ड पार्क” - साफ पढ़ा जा सकता है. इसके अलावा पुलिस की गाड़ी पर भी “San Diego पुलिस” लिखा हुआ देखा जा सकता है. साफ है कि ये वीडियो कैलिफोर्निया, अमेरिका के San Diego शहर का है.

Times of San Diego की न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने लिंडा विस्टा रिक्रिएशन सेंटर के पास से एक महिला को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक उन्हें खबर मिली कि महिला वहां मौजूद बच्चों और बाकी विजिटर्स को परेशान कर रही थी. इसके अलावा वो उन पर नस्लीय टिप्पणी भी कर रही थी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को गिरफ्तार किया. खबर के मुताबिक इस दौरान महिला ने एक पुलिसकर्मी के हाथ को भी दांतों से काट लिया.

इजरायल में अनिवार्य सैन्य सेवा का नियम है जिसके मुताबिक 18 साल से ऊपर लगभग सभी लोगों को अनिवार्य रूप से सेना में सेवाएं देनी होती हैं. सिर्फ एक हरदी समुदाय को इस नियम से छूट मिली हुई है. सैन्य सेवा के इस नियम को लेकर इजरायल में बीतें महीनों में कई बार विरोध प्रदर्शन हो चुका है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement