एक्टर-पॉलिटीशियन खुशबू सुंदर और फिल्ममेकर सुंदर सी की बेटी आनंदिता सुंदर ने सोशल मीडिया ट्रोल्स को करारा जवाब दिया है. एक्ट्रेस ने उन लोगों की क्लास लगा दी जो कभी उनके लुक्स का मजाक उड़ाते थे और अब उनके वजन घटने पर तरह-तरह की कहानियां बना रहे हैं.
आनंदिता ने साफ कहा कि लोग उन्हें पहले मोटापे के लिए ट्रोल करते थे और अब वजन कम होने के बाद Ozempic, Mounjaro या सर्जरी का सहारा लेने के आरोप लगा रहे हैं. उनके मुताबिक- नफरत कभी खत्म नहीं होगी.
'मुझे ट्रांसजेंडर जैसा कहना लोगों का पसंदीदा इंसल्ट है'
JFW पॉडकास्ट में आनंदिता ने बताया कि सोशल मीडिया पर उन्हें सबसे ज्यादा जिस बात के लिए ट्रोल किया जाता है, वो उनका लुक है. उन्होंने कहा- मुझे ट्रांसजेंडर लोग बेहद खूबसूरत लगते हैं. वो संवेदनशील, प्यारे और दयालु इंसान होते हैं. लेकिन इंस्टाग्राम पर लोगों का पसंदीदा इंसल्ट यही है कि मैं ट्रांसजेंडर जैसी दिखती हूं. ये सिर्फ मेरे लिए बुरा नहीं है, बल्कि ये आपकी होमोफोबिक और अज्ञानी सोच भी दिखाता है. आनंदिता ने साफ कहा कि ट्रांस होना या ट्रांसजेंडर जैसा दिखना कोई गाली नहीं है.
'मैं महिला हूं, लेकिन लोगों को सिर्फ मेरा चेहरा दिखता है'
आनंदिता ने बताया कि वो हमेशा लोगों के साथ दयालु रहने की कोशिश करती हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उन्हें अक्सर बेहद नफरत भरे कमेंट्स का सामना करना पड़ता है.
उन्होंने कहा- अगर मैं कोई फोटो पोस्ट करती हूं तो ज्यादातर कमेंट्स इस बात पर होते हैं कि मैं कितनी बदसूरत हूं. मैंने अब खुद को मजबूत बना लिया है, लेकिन ये बहुत दुखद है कि हमें ऐसी नफरत की आदत डालनी पड़ती है. उनके मुताबिक, सबसे दुखद बात ये है कि दुनिया में बहुत से लोग बिना वजह दूसरों को जज करने लगते हैं.
'न Ozempic लिया, न Mounjaro, न कोई सर्जरी'
आनंदिता ने अपने वजन घटाने को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी खुलकर बात की. उन्होंने साफ किया कि उन्होंने न तो Ozempic लिया, न Mounjaro का इस्तेमाल किया और न ही किसी तरह की वेट लॉस सर्जरी करवाई.
वो कहती हैं- लोगों को लगता है कि मेरा वजन रातों-रात कम हो गया, लेकिन सच ये है कि मैंने 2018-2019 में अपनी फिटनेस जर्नी शुरू की थी. यहां तक पहुंचने में मुझे पूरे सात साल लगे हैं.
आनंदिता के मुताबिक, उनके वजन में सबसे ज्यादा बदलाव कोविड महामारी के दौरान आया. क्योंकि उस समय लोग उन्हें नियमित रूप से नहीं देख रहे थे, इसलिए अचानक उनकी नई तस्वीरें देखकर कई लोगों को लगा कि उन्होंने कोई दवा या सर्जरी करवाई है. उन्होंने कहा कि लोग बिना सच्चाई जाने अपनी कहानियां गढ़ लेते हैं और मेहनत को नजरअंदाज कर देते हैं.
15 साल की उम्र में भी लोग करते थे बॉडी शेम
आनंदिता ने बताया कि बचपन में वो और उनकी बड़ी बहन अवंतिका दोनों ही गोल-मटोल बच्चे थे. धीरे-धीरे दोनों का वजन काफी बढ़ गया और मोटापा स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बनने लगा. इसके बाद दोनों बहनों ने फैसला किया कि अब फिटनेस पर ध्यान देना जरूरी है और उन्होंने अपनी लाइफस्टाइल बदलनी शुरू कर दी.
आनंदिता ने उस दर्द को भी याद किया जब वो बच्ची थीं, लोग उनके वजन और लुक्स पर टिप्पणी करते थे. उन्होंने सवाल उठाया- जब मैं सिर्फ 15 साल की थी और खुद कोई सेलिब्रिटी भी नहीं थी, तब लोगों को मेरे शरीर और मेरे चेहरे पर टिप्पणी करने का अधिकार किसने दिया था? उनका मानना है कि सोशल मीडिया ने लोगों को जरूरत से ज्यादा जजमेंटल बना दिया है.
आनंदिता के इस बेबाक इंटरव्यू के बाद उनकी मां खुशबू सुंदर ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने पॉडकास्ट की क्लिप शेयर करते हुए लिखा- तुम पर बहुत गर्व है, मेरी गुड़िया. मां का ये सपोर्ट देखकर फैंस भी भावुक हो गए.
कभी खत्म नहीं होगी नफरत
इंटरव्यू के दौरान आनंदिता की एक बात सबसे ज्यादा चर्चा में रही. उन्होंने कहा- मैंने एक चीज समझ ली है- नफरत कभी खत्म नहीं होगी. कभी लोग उनके वजन का मजाक उड़ाते थे, आज वजन कम होने पर नए आरोप लगा रहे हैं. लेकिन आनंदिता अब इन बातों से प्रभावित होने के बजाय अपनी जिंदगी और करियर पर फोकस कर रही हैं.
23 साल की आनंदिता इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री में कैमरे के पीछे अपनी पहचान बना रही हैं और कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं. वहीं सोशल मीडिया पर उन्होंने साफ संदेश दिया है कि किसी की पहचान, शरीर या लुक्स को मजाक बनाना आपकी सोच को दिखाता है, सामने वाले की कीमत को नहीं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क