ईद पर होने जा रहे धमाकेदार बॉक्स ऑफिस क्लैश का तापमान बढ़ना शुरू हो गया है. 19 मार्च को रिलीज होने जा रहीं रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' और यश की 'टॉक्सिक' को लेकर सोशल मीडिया पर फैन्स भिड़ने लगे हैं. कोई यश की शानदार अपील को 'टॉक्सिक' के लिए सबसे बड़ा हथियार बता रहा है, तो कोई 'धुरंधर 2' से पहली फिल्म जितनी शानदार फिल्ममेकिंग से आस लगाए बैठा है.
दोनों ही फिल्में पैन इंडिया रिलीज हैं और कई भाषाओं में आ रही हैं. 'धुरंधर' ने हिंदी में ही नॉर्थ से साउथ तक धुआंधार कमाई की थी, इसलिए डबिंग के साथ साउथ में और बढ़ा धमाका करेगी, ये कयास लगाए जा रहे हैं. इन अनुमानों से ही ये नतीजा निकाला जा रहा है कि साउथ से आ रही 'टॉक्सिक' को 'धुरंधर 2' साउथ में भी कड़ी टक्कर देगी. लेकिन एक फैक्ट ऐसा है जो 'टॉक्सिक' के मेकर्स को बड़ी टेंशन दे सकता है.
कर्नाटक में धमाकेदार थी 'धुरंधर'
दिसंबर 2025 में 'धुरंधर' का पहला पार्ट सिर्फ हिंदी में ही रिलीज हुआ था. सिर्फ एक ही लैंग्वेज में रिलीज के साथ, इंडिया में 1000 करोड़ से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन करने वाली अकेली फिल्म 'धुरंधर' है. रणवीर सिंह की फिल्म ने देश भर में कई जगह कमाई के असाधारण रिकॉर्ड बनाए थे. ये साउथ में सबसे ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन करने वाली हिंदी फिल्म भी थी. सिर्फ हिंदी लैंग्वेज रिलीज के साथ ही 'धुरंधर' ने साउथ इंडिया में 185 करोड़ से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन किया था. और इस शानदार कलेक्शन में बड़ा हिस्सा कर्नाटक के मैसूर सर्किट का भी था, जो यश का घरेलू मार्केट है.
ट्रैकर निशित शॉ का डेटा बताता है कि 'धुरंधर' ने मैसूर सर्किट में 70 करोड़ से ज्यादा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था. इस कलेक्शन के साथ ये मैसूर सर्किट में सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली बॉलीवुड फिल्म भी है.
यश के घर में ही 'टॉक्सिक' को तंग करेगी 'धुरंधर 2'
कर्नाटक में बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी फिल्में वहां के घरेलू स्टार्स ऋषभ शेट्टी और यश की 'कांतारा' और 'KGF' फ्रेंचाइजी हैं. इन फिल्मों ने वहां 160 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया है. लेकिन 'धुरंधर 2' का भौकाल अलग लेवल पर है. थिएटर्स में ही नहीं, चोरी से फोन पर या ओटीटी पर 'धुरंधर' देखने वाला हर दर्शक, बड़ी स्क्रीन पर 'धुरंधर 2' का पोटेंशियल दर्शक है. ऊपर से 'धुरंधर 2' डबिंग के साथ कन्नड़, तमिल और तेलुगू में भी रिलीज होगी.
बेंगलुरू के साथ-साथ कर्नाटक के हर इलाके में ये भाषाएं बोलने वाले दर्शक अपनी ही भाषा में 'धुरंधर 2' देख सकते हैं. इसलिए इस बार रणवीर की फिल्म की रीच पहले से भी तगड़ी होगी. 'धुरंधर' का कर्नाटक में रिकॉर्ड और 'धुरंधर 2' के चांसेज देखते हुए ये अनुमान लगाया जा सकता है कि वहां रणवीर की फिल्म 'टॉक्सिक' के अच्छे-खासे दर्शक खींचेगी. इसलिए सिर्फ पैन-इंडिया लेवल पर ही नहीं, खुद यश के अपने घर में ही उनकी फिल्म 'टॉक्सिक' को रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' से बहुत तगड़ा चैलेंज मिलने वाला है. ये चैलेंज कितना तगड़ा होगा, ये तो 19 मार्च को दोनों फिल्मों की रिलीज के बाद ही पता चलेगा.
सुबोध मिश्रा