आईसीसी मेंस वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत ने देशभर में खुशी की लहर दौड़ा दी है. गुरुवार की रात से ही सेलिब्रेशन चल रहा है. साथ ही रविवार, 8 मार्च को होने फाइनल मुकाबले का इंतजार भी किया जा रहा है. 5 मार्च की शाम की हुए मुकाबला देखने कई बॉलीवुड के सितारे जैसे वरुण धवन, अनिल कपूर, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट पहुंचे थे. इसके अलावा भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान और खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी धोनी भी VIP बॉक्स में नजर आईं.
साक्षी को देख यूजर्स को आईं दयाबेन
क्रिकेट मैच के साथ-साथ दर्शकों समेत कमेंटेटर्स की निगाहें भी महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी पर जमी हुई थी. इस बीच मजेदार पल तब आया जब साक्षी ने एक डॉट बॉल पर बॉलर बुमराह के पकड़े 'कैच' को सेलिब्रेट करना शुरू कर दिया. साक्षी खुशी से उछलने लगीं और धोनी ने उन्हें शांत करवाया. ये देखते ही देखते इंटरनेट का फेवरेट मोमेंट बन गया. फिर इसकी तुलना पॉपुलर कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के जेठालाल और दयाबेन से होने लगी.
साक्षी का सेलिब्रेशन हुआ वायरल
असल में सेमीफाइनल मुकाबले के 18वें ओवर में बॉलर जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाड़ी सैम करन को एक फुलर बॉल डाली. सैम ने इसे हिट किया और गेंद हवा में उछल गई. बुमराह ने इसे कैच कर लिया. ये देखकर साक्षी उत्साहित हो गईं, क्योंकि उन्होंने सोचा कि सैम करन आउट हो गए हैं. अपने उत्साह के साथ साक्षी सीट छोड़कर उछलने लगीं. धोनी ने पत्नी की खुशी को रोकते हुए उन्हें शांत करवाया और बताया कि जो वो सोच रही हैं वो गलत है. कोई आउट नहीं हुआ है. ये सुनकर साक्षी बैठ गईं. लेकिन देखनेवालों के लिए ये पल बेहद मजेदार बन गया. कमेंटेटर्स और दर्शकों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स भी इसे देखकर हंसते-हंसते लोटपोट हो गए.
सोशल मीडिया यूजर्स को धोनी और साक्षी के बीच घटा ये पल जेठालाल और दयाबेन के फेमस पल की याद दिला रहा है. 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में गोकुलधाम प्रीमियर लीग के दौरान दयाबेन ने भी उत्साह में गरबा करते हुए सेलिब्रेट करना शुरू कर दिया था. फिर जेठालाल ने उन्हें शांत करवाया. यूजर्स जेठालाल को 'थाला' यानी महेंद्र सिंह धोनी और दयाबेन को 'साक्षी भाभी' बता रहे हैं. सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से ये पल छाया हुआ है.
aajtak.in