सुपरस्टार आमिर खान के बेटे जुनैद खान अपनी आने वाली फिल्म 'एक दिन' की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं. थाई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'वन डे' से प्रेरित इस रोमांटिक ड्रामा में उनके साथ साउथ की स्टार साई पल्लवी नजर आएंगी. इस फिल्म को आमिर प्रोड्यूस कर रहे हैं और इसका डायरेक्शन सुनील पांडे कर रहे हैं.
हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे ऑनलाइन मिले-जुले रिएक्शन मिलें. कुछ लोगों को लगा कि यह ओरिजिनल फिल्म की हूबहू कॉपी है, तो वहीं कुछ लोगों ने सोचा कि क्या इसकी कहानी भी 'सैयारा' जैसी ही होगी. जिन लोगों को नहीं पता उन्हें बता दें कि 2025 की सुपरहिट म्यूजिकल फिल्म 'सैयारा' में भी लीड एक्ट्रेस को याददाश्त से जुड़ी बीमारी थी. अब आमिर ने इन तुलनाओं पर अपनी रिएक्शन दिया है.
क्या 'एक दिन' की कहानी 'सैयारा' जैसी?
चूंकि 'एक दिन' थाई फिल्म 'वन डे' का रीमेक है, इसलिए याददाश्त से जुड़ी बीमारियों पर बनी दूसरी फिल्मों से इसकी तुलना होना लाजमी है. जिन लोगों को नहीं पता, उन्हें बता दें कि इस फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे एक दुर्लभ किस्म का 'टेम्पररी एम्नेसिया' (अस्थायी रूप से याददाश्त खोने की बीमारी) है, जो सिर्फ एक दिन तक रहता है. उसका एक शांत स्वभाव वाला कलीग, जो उससे चुपके-चुपके प्यार करता है, इस स्थिति का फायदा उठाता है और उसे बताता है कि वे दोनों एक कपल हैं, ताकि वह उस एक दिन उसके साथ बिताने का एक्सपीरियंस ले सके.
अब फिल्म की कहानी याददाश्त खोने और उससे रोमांटिक रिश्तों पर पड़ने वाले असर के इर्द-गिर्द घूमती है, इसलिए कुछ ऑडियंस ने इसकी तुलना मोहित सूरी की फिल्म 'सैयारा' से की है. उस फिल्म में लीड कैरेक्टर वाणी बत्रा (जिसे अनीता पड्डा ने निभाया था) को 'अर्ली-ऑनसेट अल्ज़ाइमर' (कम उम्र में होने वाला अल्जाइमर) की बीमारी हो जाती है, जिससे धीरे-धीरे उसकी याददाश्त चली जाती है और उसे भ्रम होने लगता है. हालांकि दोनों फिल्मों में अलग-अलग तरह की मेडिकल स्थितियां दिखाई गई हैं, लेकिन दोनों ही फिल्में इस बात को दिखाती हैं कि याददाश्त से जुड़ी बीमारियां प्यार और रिश्तों पर कितना गहरा असर डाल सकती हैं.
आमिर खान का आया रिएक्शन
'वैरायटी इंडिया' को दिए एक इंटरव्यू में आमिर ने 'एक दिन' को एक 'क्लासिक लव स्टोरी' बताया. जो ऑडियंस ने काफी लंबे समय से नहीं देखी है. उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग जापान में की गई है, और कहा कि उस लोकेशन को चुनने की वजह फिल्म रिलीज होने के बाद ही साफ हो पाएगी.
उन्होंने बताया कि फिल्म में एक सीन ऐसा है, जिसमें लीड एक्ट्रेस एक दिन को अपनी जिंदगी का सबसे खूबसूरत दिन बताती है, जिस पर जुनैद का कैरेक्टर जवाब देता है कि अगले दिन उसे यह बात याद ही नहीं रहेगी. जब आमिर से पूछा गया कि क्या यह फिल्म 'सैयारा' की तरह अल्जाइमर बीमारी पर आधारित है, तो उन्होंने हंसते हुए साफ किया कि 'एक दिन' उससे बिल्कुल अलग है और इस बीमारी के इर्द-गिर्द नहीं घूमती.
बता दें कि फिल्म 'एक दिन' 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इसे 'लापता लेडीज़' की लेखिका स्नेहा देसाई और स्पंदन मिश्रा ने लिखा है.
aajtak.in