रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' का क्रेज इंडिया में इसे रिकॉर्डतोड़ ब्लॉकबस्टर बना रहा है. लेकिन सिर्फ घर में ही नहीं, विदेशों में भी दर्शक 'धुरंधर 2' के लिए क्रेजी हो चुके हैं. पहले 4 दिन में ही आदित्य धर की ये फिल्म ओवरसीज में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस कर चुकी थी. यूएस, यूके और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में तो 'धुरंधर 2' ने सिर्फ वीकेंड की कमाई से कई बड़ी भारतीय फिल्मों का लाइफटाइम कलेक्शन पार कर डाला है.
आदित्य धर की ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' ओवरसीज मार्केट में 2025 की सबसे कमाऊ बॉलीवुड फिल्म साबित हुई थी. इसका ही असर है कि 'धुरंधर 2' के धमाके के लिए जमीन तैयार थी. अब 'धुरंधर 2' ओवरसीज मार्केट में पांव जमा रही है. कम से कम 5 देशों में 'धुरंधर 2' नंबर 1 भारतीय फिल्म बनने की तैयारी में है.
1. जर्मनी
'धुरंधर 2' जर्मनी में भारतीय फिल्मों के खाते का सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन लेकर आई. अभी तक ये रिकॉर्ड शाहरुख खान की 'पठान' के नाम था, जिसने 583K यूरो का वीकेंड कलेक्शन किया था. जर्मनी में भारतीय फिल्मों के टॉप 5 वीकेंड कलेक्शन देखें:
धुरंधर 2- 5.95 लाख यूरो (595K यूरो)
पठान- 5.83 लाख यूरो
एम्पुरान- 3.41 लाख यूरो
जवान- 3.25 लाख यूरो
डंकी- 2.76 लाख यूरो
जर्मनी में 'धुरंधर 2' ने सिर्फ 4 दिन के वीकेंड कलेक्शन से ही कई सबसे कमाऊ भारतीय फिल्मों को पीछे छोड़ दिया. वहां अब सिर्फ 'पठान' (8.90 लाख यूरो) और 'जवान' (6.89 लाख यूरो) का लाइफटाइम कलेक्शन ही 'धुरंधर 2' से ज्यादा है.
2. यूनाइटेड किंगडम (यूके)
यूके में 'धुरंधर 2' ने भारतीय फिल्मों का सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन जुटाया है. सिर्फ ओपनिंग वीकेंड में ही यूके में 2 मिलियन पाउंड्स का बेंचमार्क पार करने वाली ये पहली भारतीय फिल्म है. देखें भारतीय फिल्मों के यूके में ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन (पाउंड्स में):
धुरंधर 2- 20.1 लाख (2.01 मिलियन)
पठान- 18.7 लाख
एम्पुरान- 14.1 लाख
जवान- 13.4 लाख
लियो- 12.5 लाख
यूके में सबसे बड़ी इंडियन फिल्म 'पठान' ने 43.8 लाख (4.38 मिलियन) पाउंड्स का ग्रॉस कलेक्शन किया था. 'धुरंधर' (पार्ट 1) 29.4 लाख पाउंड्स के साथ यूके में चौथी सबसे बड़ी फिल्म थी. 'धुरंधर 2' का ओपनिंग वीकेंड ही बता चुका है कि यूके में रणवीर की फिल्म 'पठान' को टक्कर देने के मूड में है. इसके रास्ते में आने वाली 'सैयारा' (32.1 लाख पाउंड्स) और 'जवान' (31 लाख पाउंड्स) का पीछे छूटना तय है.
3. नॉर्थ अमेरिका
यूएस और कनाडा के बॉक्स ऑफिस को एक साथ नॉर्थ अमेरिकन बॉक्स ऑफिस कहा जाता है. इस मार्केट में 'धुरंधर 2' सबसे बड़ी ओपनिंग वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है. वहां इंडियन फिल्मों की टॉप ओपनिंग (डॉलर में):
धुरंधर 2- 1.40 करोड़ (14.01 मिलियन)
कल्कि 2898 AD- 1.12 करोड़
बाहुबली 2- 1.04 करोड़
पुष्पा 2 द रूल- 95.1 लाख
आरआरआर- 95 लाख
नॉर्थ अमेरिका में 'धुरंधर 2' एक दिन में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. संडे को इसने 39.2 लाख डॉलर (3.92 मिलियन) के साथ 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड तोड़ दिया. प्रभास की फिल्म ने एक दशक पहले वहां एक दिन में 39 लाख डॉलर कमाए थे.
नॉर्थ अमेरिका में 'बाहुबली 2' ने 2.20 करोड़ डॉलर कमाए थे और एक दशक बाद आज भी वहां सबसे बड़ी भारतीय फिल्म है. कुछ महीने पहले ही 'धुरंधर' ने 2.10 करोड़ कमाकर 'कल्कि 2898 एडी' (1.86 करोड़) को पीछे छोड़ा था और वहां दूसरी सबसे बड़ी भारतीय फिल्म है. 'धुरंधर 2' का वीकेंड कलेक्शन बता रहा है कि एक दशक बाद अब नॉर्थ अमेरिका में 'बाहुबली 2' का टॉप रिकॉर्ड खतरे में है.
4. ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया में 'धुरंधर 2' का सिर्फ 4 दिन का वीकेंड कलेक्शन ही 'KGF 2', 'पद्मावत' और 'कल्कि 2898 एडी' जैसी बड़ी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन से ज्यादा हो गया है. रणवीर की फिल्म ने ऑस्ट्रेलिया में भारतीय फिल्मों के इतिहास का सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन दर्ज किया. देखें ऑस्ट्रेलिया में भारतीय फिल्मों का ओपनिंग वीकेंड (ऑस्ट्रेलियन डॉलर में):
धुरंधर 2- 35.1 लाख (3.51 मिलियन)
पठान- 27.8 लाख
पुष्पा 2 द रूल- 23.2 लाख
जवान- 21.2 लाख
केजीएफ 2- 20 लाख
'धुरंधर 2' ऑस्ट्रेलिया में 30 लाख ऑस्ट्रेलियन डॉलर से ज्यादा डेली कलेक्शन करने वाली पहली भारतीय फिल्म है. ऑस्ट्रेलिया में सबसे बड़ी इंडियन फिल्म 'धुरंधर' ने 55.9 लाख के लाइफटाइम कलेक्शन से 'एनिमल' (50.2 लाख) का रिकॉर्ड तोड़ा था. अब 'धुरंधर 2' अपने ही पहले पार्ट को पीछे छोड़कर टॉप पर पहुंचने की तैयारी में है.
5. न्यूज़ीलैंड
'धुरंधर 2' ने न्यूज़ीलैंड में भी धमाकेदार शुरुआत की है. वहां ओपनिंग वीकेंड में फिल्म का टोटल ग्रॉस कलेक्शन 3.18 लाख न्यूज़ीलैंड डॉलर रहा. जबकि 'धुरंधर' ने न्यूज़ीलैंड में कुल कलेक्शन ही 1.09 लाख किया था. पिछले साल 3.17 लाख लाइफटाइम कलेक्शन के साथ मलयालम फिल्म 'एम्पुरान' न्यूज़ीलैंड में सबसे बड़ी भारतीय फिल्म थी.
न्यूज़ीलैंड में सबसे बड़ी भारतीय फिल्में (न्यूज़ीलैंड डॉलर में):
पठान- 13.7 लाख (1.37 मिलियन)
जवान- 9.55 लाख
एनिमल- 9.03 लाख
'धुरंधर 2' शानदार वीकेंड कलेक्शन के बाद इन फिल्मों को टक्कर देने की तैयारी में है. देखना है कि रणवीर की फिल्म 'पठान' को पछाड़ पाती है या नहीं.
भारतीय फिल्मों की एक और बहुत बड़ी मार्केट खाड़ी देश हैं, जहां 'धुरंधर 2' रिलीज ही नहीं हुई है. इसके बावजूद रणवीर सिंह की फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में कुल 2.24 करोड़ (22.5 मिलियन) डॉलर ग्रॉस कलेक्शन किया. इंडियन करंसी में ये कलेक्शन करीब 211 करोड़ रुपये होता है.
'धुरंधर 2' भारतीय फिल्मों के रिकॉर्ड में तीसरा सबसे बड़ा ओवरसीज कलेक्शन लेकर आई. इसका वीकेंड ओवरसीज कलेक्शन सिर्फ 'पठान' के 2.6 करोड़ डॉलर और 'बाहुबली 2' के 2.25 करोड़ डॉलर से पीछे है. अगर इन दोनों फिल्मों में से खाड़ी देशों की कमाई घटा दी जाए तो 'धुरंधर 2' का टोटल सबसे बड़ा होता है. 'धुरंधर 2' की एंट्री ने ही रिकॉर्ड बुक हिला डाली है. अब बस ये देखते जाइए कि विदेशों में कमाई के कितने तगड़े रिकॉर्ड टूटते हैं.
सुबोध मिश्रा