फिल्म 'धुरंधर 2' की आंधी के बीच अक्षय कुमार अपनी पिक्चर 'भूत बंगला' की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं. डायरेक्टर प्रियदर्शन के साथ अक्षय कुमार की जोड़ी को दर्शक दशकों से पसंद करते हैं. ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा था कि ये पिक्चर बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करेगी. मगर सिनेमाघरों में पहले से ही 'धुरंधर: द रिवेंज' का राज चल रहा है. ऐसे में 'भूत बंगला' का क्या हश्र होगा, इसके बारे में लगातार चर्चा चल रही है.
एक एजेंसी संग बातचीत में अक्षय कुमार ने साफ कर दिया है कि 'धुरंधर 2' और 'भूत बंगला' अलग तरह की फिल्में हैं और इनकी अपील भी अलग-अलग है. दूसरी तरफ फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन ने भी इस विषय पर अपनी राय रखी है. प्रियदर्शन का कहना है कि 'भूत बंगला' दर्शकों के लिए अच्छा बदलाव साबित हो सकती है. उन्होंने कहा कि 'धुरंधर 2' और 'बॉर्डर 2' जैसी इंटेंस और बिग स्केल फिल्में देखने वाले दर्शक 'भूत बंगला' जैसी हल्की-फुल्की और एंटरटेनिंग फिल्म का खुले दिल से स्वागत कर सकते हैं.
डायरेक्टर प्रियदर्शन ने कही बड़ी बात
प्रियदर्शन ने कहा, 'धुरंधर, बॉर्डर 2 जैसी फिल्में बेहद अच्छा बिजनेस कर रही हैं. अचानक अगर आप ब्रेक लेकर कुछ अलग करते हैं तो ये बहुत अच्छी बात है. जो लोग धुरंधर जैसी फिल्में देखते हैं, वे भूत बंगला का भी मजा ले सकते हैं.' अपनी हॉरर-कॉमेडी फिल्म को अलग बनाने वाली बात पर रोशनी डालते हुए प्रियदर्शन ने कहा, 'मेरा मानना है कि हमारा एक्सप्लॉइटेशन एरिया ज्यादा बड़ा है और लोग अलग-अलग चीजें देखना पसंद करते हैं. यही भूत बंगला की सबसे बड़ी खासियत है. इसके अलावा ये पूरी तरह प्योर एंटरटेनमेंट और मजेदार फिल्म है. ये बॉर्डर या धुरंधर जितनी इंटेंस नहीं है. लोग हर तरह की फिल्म का मजा लेते हैं. मेरा विश्वास है कि जब तक फिल्म लोगों का ध्यान और दिलचस्पी बनाए रखती है, हर फिल्म चलती है. कोई भी पेरेंट्स अपने बच्चों को गर्व के साथ मेरी फिल्म दिखा सकते हैं, क्योंकि मैं कभी डबल मीनिंग डायलॉग या अश्लीलता इस्तेमाल नहीं करता. मैं कभी माता-पिता को शर्मिंदा नहीं करता. ये बात मैंने अपने करियर के पहले दिन से आज तक बनाए रखी है.'
अक्षय ने क्या कहा था?
अक्षय कुमार ने 'धुरंधर 2' की दमदार कमाई के बीच अपनी पिक्चर रिलीज करने को लेकर कहा था, 'अभी अलग-अलग तरह की फिल्में बन रही हैं. धुरंधर एक शानदार फिल्म है, मैंने उसे देख लिया है. ये (भूत बंगला) एक अलग फिल्म है. धुरंधर एडल्ट फिल्म है, जबकि ये बच्चों और फैमिली के लिए है. हमने ये फिल्म बनाते समय ये नहीं देखा कि अभी क्या ट्रेंड चल रहा है. हमने सिर्फ ये देखा कि कहानी अच्छी है या नहीं, और उसी के हिसाब से फिल्म बनाई. हमने ट्रेंड के बारे में कभी नहीं सोचा.'
फिल्म 'भूत बंगला' में अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव ने काम किया है. ये 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. तब तक 'धुरंधर 2' को रिलीज हुए तीन हफ्ते हो जाएंगे. रणवीर सिंह की फिल्म ने अपने पहले ही वीकेंड पर 700 करोड़ रुपये का आंकड़ा ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर पार कर लिया था. 'धुरंधर' को याद किया जाए तो ये सिनेमाघरों में एक महीने से ज्यादा समय तक चली थी और इसने अपने बाद रिलीज हुई सभी फिल्मों को धूल चटा दी थी. ऐसे में जाहिर है 'भूत बंगला' के लिए 'धुरंधर 2' के सामने अपनी पकड़ बनाना और कमाई करना एक बड़ा चैलेंज साबित होगा.
aajtak.in