आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर फिल्म अल्फा को लेकर फिल्म फैंस में काफी चर्चा रहती है. यश राज फिल्म्स के स्पाई-यूनिवर्स की रेपुटेशन टाइगर 3 और वॉर 2 के बाद से थोड़ी ठंडी पड़ी है. इसलिए इस यूनिवर्स की अगली फिल्म अल्फा पर काफी दारोमदार है. अगर ये फिल्म जनता की उम्मीदों पर खरी और एक नई कहानी से एक्साइटमेंट बढ़ाने वाली निकली तो स्पाई-यूनिवर्स में फिर से जान आ जाएगी. अब सामने आया है कि अल्फा में मेकर्स एक ऐसी कहानी ट्राई करने जा रहे हैं, जो उन्होंने अभी तक स्पाई-यूनिवर्स के किसी किरदार को नहीं दी है. अल्फा एक स्पाई नहीं, एक किलर की ओरिजिन स्टोरी होने वाली है.
अल्फा में ऐसा होगा आलिया का किरदार
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट बताती है कि अल्फा में आलिया का किरदार एक असासिन का होने वाला है, जिसे बचपन से ही इस टारगेट के साथ पाला गया है कि ये बड़े होकर एक किलिंग मशीन बने.
स्पाई-यूनिवर्स में एक और स्पाई की एंट्री से दर्शकों को होने वाली ऊब का आइडिया मेकर्स को था इसलिए मेकर्स दर्शकों को कुछ ऐसा देना चाहते हैं जिसकी उन्हें भी इस यूनिवर्स से उम्मीद नहीं है. एक सूत्र ने बताया, 'ये एक ऐसे लीड कैरेक्टर की कहानी लेकर आ रही है जो एक असासिन है, स्पाई नहीं, जो किरदार अभी तक इस यूनिवर्स के सारे लीड एक्टर्स ने निभाया है. इस बार आदित्य चोपड़ा एक ऐसे किरदार की ओरिजिन स्टोरी लेकर आ रहे हैं जो बाकी सारे पिछले किरदारों से ज्यादा ग्रे है. इसका टोन हीरो से ज्यादा एंटी-हीरो वाला है.'
जनता की बोरियत का इलाज
आगे बताया गया कि अल्फा में आलिया का किरदार एक 'शॉक वैल्यू' लेकर आने वाला है. ये एक फीमेल एक्शन कैरेक्टर के साथ एक मजेदार एक्सपेरिमेंट होने वाला है. फैंस की डिमांड को देखते हुए स्पाई-यूनिवर्स ने ये नया एक्सपेरिमेंट ट्राई करने का तय किया है क्योंकि इससे जनता की बोरियत का भी इलाज होगा.
अल्फा में आलिया के साथ शरवरी वाघ और बॉबी देओल भी हैं. इन दोनों के किरदारों को लेकर अभी कोई बड़ी जानकारी सामने नहीं आई है. डायरेक्टर शिव रवैल की ये कहानी, अल्फा 10 जुलाई को थिएटर्स में पहुंच रही है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क