पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी सहित कुल पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव 2026 की वोटिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सियासी माहौल पूरी तरह एग्जिट पोल के इर्द-गिर्द घूम रहा है. टुडेज चाणक्या ने आज चार राज्यों का एग्जिट पोल जारी किया है.
बंगाल की बात करें तो यहां मुकाबला सबसे ज्यादा हाई-वोल्टेज माना जा रहा है. दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब एग्जिट पोल्स बता रहे हैं कि राज्य में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है. कुछ अनुमानों में बीजेपी को बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस भी मजबूत स्थिति में बताई जा रही है.
Today's Chanakya ने बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के लिए 192 से ज़्यादा सीटों के साथ ज़बरदस्त बहुमत का अनुमान लगाया है. एजेंसी ने अनुमान लगाया कि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को इस बार 100 से ज़्यादा सीटों से ही संतोष करना पड़ेगा. इससे बीजेपी के पक्ष में हिंदू वोटों के मज़बूत एकीकरण का संकेत मिला है.
असम में एनडीए की वापसी!
असम में तस्वीर कुछ साफ नजर आ रही है. यहां ज्यादातर एग्जिट पोल में एनडीए को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है. यानी बीजेपी और उसके सहयोगी दल सत्ता में वापसी कर सकते हैं. यह रुझान राज्य में पिछले चुनावी प्रदर्शन के दोहराव की तरफ इशारा करता है.
असम विधानसभा चुनाव 2026 के एग्जिट पोल में NDA की बड़ी जीत के संकेत मिल रहे हैं. टुडेज चाणक्या के अनुमान के मुताबिक, बीजेपी+ गठबंधन को 102 सीटें मिल सकती हैं, जो स्पष्ट बहुमत की ओर इशारा करती हैं. वहीं, कांग्रेस गठबंधन को सिर्फ 23 सीटों पर सिमटता दिखाया गया है, जबकि अन्य के खाते में 1 सीट जा सकती है. ये आंकड़े बताते हैं कि राज्य में NDA की पकड़ मजबूत बनी हुई है और विपक्ष पिछड़ता नजर आ रहा है.
तमिलनाडु में मुकाबला दिलचस्प दिख रहा है. DMK गठबंधन को कई एग्जिट पोल में बढ़त मिलती दिख रही है, लेकिन नए खिलाड़ी के रूप में उभरी पार्टियां भी मजबूत चुनौती दे रही हैं. कुल मिलाकर यह समझ रहा है कि सूबे की सियासत में नया संतुलन बन सकता है और सीटों का बंटवारा पहले से ज्यादा बिखरा हुआ हो सकता है.
यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव में कौन मारेगा बाजी? जानें क्या कहते हैं एग्जिट पोल के नतीजे
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए टुडेज चाणक्या के एग्जिट पोल में DMK+ गठबंधन को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है. अनुमान के मुताबिक, DMK+ को 125 सीटें मिल सकती हैं, जो उसे सरकार बनाने की मजबूत स्थिति में रखती हैं. वहीं, TVK को 63 सीटों के साथ एक बड़ी ताकत के रूप में उभरते दिखाया गया है. AIADMK+ को 45 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि अन्य के खाते में 1 सीट जा सकती है.
केरल में क्या हालात?
केरल में रुझान बदलाव की ओर इशारा करते हैं. एग्जिट पोल्स के मुताबिक, यहां कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ गठबंधन बढ़त में दिख रहा है, जिससे वाम मोर्चे के सत्ता से बाहर होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, केरल की राजनीति परंपरागत रूप से बेहद प्रतिस्पर्धी रही है, इसलिए आखिरी नतीजे ही असली तस्वीर साफ करेंगे.
टुडेज चाणक्या के एग्जिट पोल के मुताबिक, UDF को 69 सीटें मिल सकती हैं, जो उसे बढ़त दिलाती हैं. वहीं LDF को 64 सीटों का अनुमान है, जिससे साफ है कि सत्ता की लड़ाई कांटे की टक्कर वाली हो सकती है. बीजेपी+ को 7 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है.
कुल मिलाकर इन पांचों राज्यों में अलग-अलग राजनीतिक ट्रेंड उभर रहे हैं. कहीं सत्ता वापसी, कहीं बदलाव और कहीं कड़ा मुकाबला. हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि एग्जिट पोल केवल अनुमान होते हैं. असली तस्वीर 4 मई को वोटों की गिनती के बाद ही सामने आएगी.
aajtak.in