लाला लाजपत राय: जिनके सिर पर पड़ी लाठी बनी अंग्रेजों के ताबूत की कील!

आज स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय की जयंती है. वे एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे और उन्होंने साइमन कमीशन के खिलाफ आवाज उठाई थी.

Advertisement
लाला लाजपत राय लाला लाजपत राय

मोहित पारीक

  • नई दिल्ली,
  • 28 जनवरी 2018,
  • अपडेटेड 6:33 PM IST

 

स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय की आज जयंती है. वे एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे और उन्होंने साइमन कमीशन के खिलाफ बुलंद आवाज उठाई थी. साइमन कमीशन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज में उनके सिर पर लाठी पड़ी, जिसके बाद उनका देहांत हो गया. उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक की स्थापना में अहम भूमिका अदा की थी.

लाला लाजपत राय ने स्कूली शिक्षा हरियाणा के रेवाड़ी में बने सरकारी स्कूल से हासिल की. यहां उनके पिता राधा कृष्ण उर्दू के शिक्षक थे. लाहौर के राजकीय कॉलेज से विधि की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने लाहौर और हिसार में वकालत की. उन्होंने हिंदू अनाथ राहत आंदोलन की नींव रखी, ताकि ब्रिटिश मिशन अनाथ बच्चों को अपने साथ न ले जा सकें. साथ ही देश में व्याप्त छूआछूत के खिलाफ लंबी जंग लड़ी.

Advertisement

भारत में पंजाब केसरी के नाम से मशहूर राय भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महत्वपूर्ण नेता थे और पंजाब में अंग्रेजों की मुखालफत में अग्रणी भूमिका में थे. वे कांग्रेस में गरम दल के तीन प्रमुख नेताओं 'लाल-बाल-पाल' में से एक थे. साइमन कमीशन के विरोध के वक्त शरीर पर चोट लगने के बाद उन्होंने कहा था कि उनके शरीर पर मारी गई लाठियां हिन्दुस्तान में ब्रिटिश राज के लिए ताबूत की आखिरी कील साबित होंगी.

लाला लाजपत राय की मृत्यु से सारा देश उत्तेजित हो उठा और चंद्रशेखर आजाद, भगतसिंह, राजगुरु, सुखदेव और अन्य क्रांतिकारियों ने उनकी मौत का बदला लेने का फैसला किया. इन जांबाज देशभक्तों ने लाला लाजपत राय की मौत के ठीक एक महीने बाद अपनी प्रतिज्ञा पूरी कर ली और 17 दिसम्बर 1928 को ब्रिटिश पुलिस के अफसर सांडर्स को गोली से उड़ा दिया.

Advertisement

महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय की मौत के बदले सांडर्स की हत्या के मामले में ही राजगुरु, सुखदेव और भगतसिंह को फांसी की सजा सुनाई गई.

 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement