'अगली बार माथे में मारेंगे गोली...' कनाडा में बिश्नोई गैंग की दहशत, शोरूम मालिक को दी चेतावनी

कनाडा के ब्रैम्पटन में एक कार शोरूम पर फायरिंग की घटना सामने आई है. सोशल मीडिया पर सामने आए एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अकाउंट ने इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

Advertisement
कनाडा में फिर गरजी बिश्नोई गैंग की बंदूकें, हमले की जिम्मेदारी का दावा (File Photo: PTI) कनाडा में फिर गरजी बिश्नोई गैंग की बंदूकें, हमले की जिम्मेदारी का दावा (File Photo: PTI)

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 04 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:37 AM IST

कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफ थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक बार फिर वहां सरेआम गोलियां चली हैं और इस बार निशाना बना है एक कार शोरूम. खबर है कि बिश्नोई गैंग ने कनाडा के ब्रैम्पटन इलाके में एक कार शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग करवाई है. इस हमले के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मन्ना ब्राम्पटन नाम के शख्स ने लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप की तरफ से इस हमले की पूरी जिम्मेदारी ली है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

Advertisement

इस वायरल पोस्ट में जो बातें लिखी गई हैं, वो रोंगटे खड़े कर देने वाली हैं. पोस्ट की शुरुआत 'वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह' और 'राम-राम' से की गई है. इसमें साफ तौर पर लिखा है कि मिसिसॉगा और ब्रैम्पटन में मौजूद ऑटोविला कार सेल्स और मनी रंधावा की कोठी पर जो फायरिंग हुई है, उसे मन्ना ब्राम्पटन, बॉस यूरोप और लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने अंजाम दिया है. गैंग का दावा है कि उन्होंने शोरूम के मालिक को पहले फोन करके समझाया था कि वो उनके दुश्मनों का साथ न दे, लेकिन उसे प्यार की भाषा समझ नहीं आई.

'घर में घुसकर मारने में एक्सपर्ट हैं हम'

बिश्नोई गैंग ने शोरूम मालिक पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. पोस्ट में कहा गया है कि यह शख्स उनके दुश्मनों को हथियार सप्लाई करता था और वारदातों के लिए चोरी की कारें मुहैया कराता था. गैंग ने इसे महज एक ट्रेलर बताया है और सीधे-सीधे मौत की धमकी दी है. पोस्ट में लिखा है, 'अगली बार तेरे घर में घुसकर सीधे तेरे माथे में गोली मारेंगे. पूरे ब्रैम्पटन को पता है कि हम घर में घुसकर मारने में एक्सपर्ट हैं.' यह चेतावनी सिर्फ उस शोरूम मालिक के लिए नहीं, बल्कि गैंग के उन तमाम दुश्मनों के लिए है जो उनकी रडार पर हैं.

Advertisement

इस पोस्ट के आखिर में जितेंदर गोगी मान ग्रुप, जग्गा ऑस्ट्रेलिया, शेरा संधू ऑस्ट्रेलिया, मनदीप स्पेन और साहिल दुहान जैसे नामों का जिक्र किया गया है. यह दिखाता है कि इस गैंग का नेटवर्क सिर्फ भारत या कनाडा तक ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में फैला हुआ है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement