कर्नाटक में बेंगलुरु पुलिस ने शहर के बाहरी इलाके में चल रही एक अवैध स्टोन क्वारी (पत्थर खदान) का पर्दाफाश किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया और खदान संचालित करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इस पूरे मामले की जांच जारी है.
बेंगलुरु के अवलाहल्ली थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अवैध पत्थर खदान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार, यारपनाहल्ली इलाके में बिना जरूरी लाइसेंस और सरकारी अनुमति के स्टोन क्वारी चलाई जा रही थी. इस संबंध में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, 4 जून की रात गश्त के दौरान पुलिस को इस अवैध गतिविधि की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विधान सौधा लेआउट स्थित एक खदान पर छापा मारा. बताया जा रहा है कि यह खदान वेंकटेश्वरा ग्रेनाइट्स के नाम से संचालित की जा रही थी.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चट्टानों को तोड़ने और ब्लास्टिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले डेटोनेटर और जिलेटिन स्टिक बरामद किए. पुलिस का कहना है कि इन विस्फोटकों का उपयोग पत्थरों को तोड़ने के लिए किया जा रहा था. बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है.
पुलिस ने इस मामले में वेंकटरमण रेड्डी, लोकेश रेड्डी, विकास, तोहिद और संदीप के खिलाफ केस दर्ज किया है. आरोप है कि ये सभी बिना वैध अनुमति के खदान संचालन में शामिल थे. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध खनन कब से चल रहा था.
सगाय राज