भारत के प्रमुख प्रॉपर्टी बाजारों में अब लक्जरी हाउसिंग का दबदबा है और घरों का आकार तेजी से बढ़ रहा है. एनरॉक (Anarock) के एक विश्लेषण के अनुसार, पिछले दो सालों में देश के टॉप 7 शहरों में अपार्टमेंट का औसत आकार 17% बढ़ा है. साल 2023 में यह 1,420 वर्ग फुट था, जो 2025 में बढ़कर लगभग 1,676 वर्ग फुट हो गया है. इसमें अकेले पिछले एक साल में 8% की बढ़ोतरी देखी गई है.
2025 में, NCR में इन सात शहरों के मुकाबले सबसे ज्यादा ग्रोथ दर्ज की गई. यहां घरों का औसत आकार 2023 के 1,890 वर्ग फुट से 30% बढ़कर 2025 में लगभग 2,466 वर्ग फुट हो गया है. इसकी मुख्य वजह बाजार में आने वाले नए लक्जरी घरों की सप्लाई है. नए लॉन्च होने वाले प्रोजेक्ट्स में 80% हिस्सेदारी लक्जरी सेगमेंट की है, जिसमें बड़े घर और बेहतरीन सुविधाएं मिलती हैं.
यह भी पढ़ें: करोड़ों में 'माचिस की डिब्बी' और लोन का बोझ, क्या 'एग्जिट सिटी' बन रही है मुंबई!
एनसीआर में सबसे ज्यादा लग्जरी घरों की मांग
इस अवधि के दौरान NCR में नए लक्जरी घरों की सप्लाई में भारी उछाल देखा गया. क्षेत्र में एक औसत फ्लैट का आकार 2024 में 2,435 वर्ग फुट था. रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में NCR में लॉन्च हुए 36,735 घरों में से 40% लक्जरी श्रेणी के थे, लेकिन 2025 तक कुल लॉन्च बढ़कर 61,775 यूनिट्स हो गए, जिसमें बड़े आकार और बेहतरीन सुविधाओं वाले लक्जरी घरों की हिस्सेदारी 80% तक पहुंच गई.
चेन्नई में पिछले दो सालों में फ्लैट के औसत आकार में 24% का उछाल आया है. यह 2023 के 1,260 वर्ग फुट से बढ़कर 2025 में लगभग 1,561 वर्ग फुट हो गया है. शहर में केवल पिछले एक साल में औसत आकार में 8% की वृद्धि हुई है. बेंगलुरु में दो वर्षों में औसत फ्लैट आकार में 21% की वृद्धि देखी गई, जो 2023 के 1,484 वर्ग फुट से बढ़कर 2025 में लगभग 1,790 वर्ग फुट हो गया. 2024 और 2025 के बीच यहाँ 8% की बढ़त दर्ज की गई.
वहीं हैदराबाद में दो साल की अवधि में फ्लैट का औसत आकार 13% बढ़ा है (2023 में 2,299 वर्ग फुट से 2025 में 2,600 वर्ग फुट से अधिक). दिलचस्प बात यह है कि 2024 और 2025 के बीच, हैदराबाद एकमात्र ऐसा शहर रहा जहां औसत फ्लैट आकार में 24% की 'डबल-डिजिट' ग्रोथ देखी गई.
टॉप 7 शहरों में MMR में अभी भी फ्लैट्स का आकार सबसे छोटा
एनरॉक के विश्लेषण के अनुसार, MMR (मुंबई महानगर क्षेत्र) में फ्लैटों का औसत आकार अभी भी टॉप 7 शहरों में सबसे कम बना हुआ है, जो 2025 में 904 वर्ग फुट दर्ज किया गया. हालांकि, 2023 के मुकाबले इसमें 12% की बढ़ोतरी हुई है, पिछले एक साल की अवधि में, इस क्षेत्र में औसत फ्लैट साइज में 5% की वृद्धि देखी गई.
पुणे में औसत फ्लैट साइज में पिछले दो सालों में 5% की बढ़त हुई है, जो 2023 के 1,070 वर्ग फुट से बढ़कर 2025 में 1,119 वर्ग फुट हो गया है. विश्लेषण के मुताबिक, पिछले एक साल (2024-2025) के दौरान पुणे इकलौता ऐसा शहर है, जहां औसत फ्लैट आकार में 1% की गिरावट देखी गई है.
यह भी पढ़ें: बिल्डर पर न करें भरोसा, प्रॉपर्टी खरीदने से पहले खुद ऐसे करें जांच
aajtak.in