दुबई दुनिया भर के लोगों के लिए हमेशा से सपनों का शहर रहा है, यहां की लग्जरी लाइफस्टाइल और गगनचुंबी इमारतें देख लोग अक्सर हमेशा यहां बसने का सपना देखते हैं, लेकिन एक भारतीय महिला ने वहां का एक वीडियो शेयर करते हुए बताया है कि दुबई में मुश्किलें भी कम नहीं हैं.
दुबई की चकाचौंध भरी और आलीशान जिंदगी की सच्चाई बयां करते हुए वहां रह रही एक भारतीय महिला, कीर्तना एल. ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर इस शहर की 'ग्लैमरस' छवि के पीछे के संघर्ष को उजागर किया है.
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में कीर्तना ने बताया कि लोग अक्सर यह मान लेते हैं कि दुबई में रहने वाले हर व्यक्ति का जीवन बहुत ही विलासितापूर्ण और आरामदायक होता है, जबकि असलियत इससे कोसों दूर है. अपने किचन को दिखाते हुए उन्होंने कहा कि घर से दूर रहकर काम और घरेलू जिम्मेदारियों को संभालना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है.
वीडियो में उन्होंने अपनी खराब पड़ी वॉशिंग मशीन और रसोई की अव्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि एक हफ्ते से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है, उन्होंने जोर देकर कहा कि "दुबई की जिंदगी उतनी आसान नहीं है जितनी लोग समझते हैं." भूखे होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की कमी और दैनिक जीवन की जद्दोजहद के बीच वह यह संदेश देना चाहती थीं कि विदेशों में बसने वाले प्रवासियों का जीवन केवल सुंदर तस्वीरों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें हर दिन जमीनी स्तर पर कई कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है.
दिल को छू लेने वाला कैप्शन
वीडियो को एक खास कैप्शन के साथ साझा किया गया था, जिसमें लिखा था: "दुबई में आप जो देखते हैं वह हमेशा सच नहीं होता, इस चकाचौंध के पीछे, हर इंसान एक अलग कहानी जी रहा है. कुछ लोगों के लिए यह सब बहुत आसान है. तो दूसरों के लिए यह एक खामोश संघर्ष है. शहर वही है, लेकिन जिंदगियां अलग-अलग हैं. अपनी जिंदगी के अध्याय की तुलना दूसरों से न करें.'
यह भी पढ़ें: दुबई का रियल एस्टेट बाजार बेहाल, कोविड के बाद पहली बार गिरे घरों के दाम, मिडिल ईस्ट तनाव का असर
aajtak.in