शेयर बाजार में सोमवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला. शुरुआती कारोबार में जो सेंसेक्स-निफ्टी क्रैश नजर आ रहे थे, मार्केट क्लोज होते-होते रॉकेट की तरह भागते दिखे और जोरदार तेजी के साथ क्लोजिंग की. ओपनिंग होने के बाद 500 अंकों से ज्यादा का गोता लगाने वाले बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 787 अंक की तेजी के साथ 74,100 के पार बंद हुआ, तो नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी इंडेक्स ने शुरुआती गिरावट से उबरते हुए अंत में 255 अंकों की छलांग लगाकर क्लोजिंग की.
ऐसे बदली सेंसेक्स-निफ्टी की चाल
BSE Sensex अपने पिछले बंद 73,319.55 की तुलना में मामूली बढ़त लेकर 73,477.53 पर खुला था, लेकिन अगले ही पल इसमें गिरावट आनी शुरू हो गई और आधे घंटे के कारोबार के बाद ही ये इंडेक्स 529 अंक फिसलकर 72,790 पर आ गया था. इसी तरह NSE Nifty ने 22,789 पर खुलने के बाद 152 अंक का गोता लगाकर 22,561.90 का दिन का निचला स्तर छुआ था.
हालांकि, शेयर बाजार में बाजी दोपहर 12.30 बजे ही पलटने लगी थी और रेड जोन से निकलकर दोनों इंडेक्स ग्रीन जोन में आ गए थे. इसके बाद इनकी रफ्तार लगातार तेज होती चली गई और ये अंत तक जारी रही. सेंसेक्स जहां 787.30 अंक या 1.07 फीसदी की तेजी लेकर 74,106.85 के लेवल पर क्लोज हुआ, तो वहीं निफ्टी ने 255.15 अंक या 1.12 फीसदी चढ़कर 22,968.25 पर क्लोजिंग की.
Trent से Titan तक का धमाल
शेयर बाजार में अचानक लौटी के चलते लार्जकैप से लेकर स्मॉलकैप तक सभी कैटेगरी में ज्यादातर शेयर ग्रीन जोन में आ गए. सबसे तेज भागने वाले स्टॉक्स के लिस्ट देखें, तो टॉप-10 में लार्जकैप से Trent Share (7.89%), Axis Bank Share (3.94%), Titan Share (3.58%), LT Share (3.19%) की तेजी के साथ बंद हुए. मिडकैप कैटेगरी में शामिल Godrej Properties Share (5.01%), Muthoot Finance Share (3.58%), Policy Bazar Share (3.06%) और Nykaa Share (2.72%) की उछाल के साथ क्लोज हुए. इसके अलावा स्मॉलकैप में शामिल RBL Bank Share (5.83%) और MCX Share (4.52%) की बढ़त के साथ क्लोज हुआ.
शेयर बाजार में तेजी के बड़े कारण
Stock Market में अचानक लौटी तेजी के पीछे के कारणों की बात करें, तो अमेरिका-ईरान में युद्धविराम की उम्मीदों ने बाजार को सपोर्ट किया है. ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि ये जल्द लागू हो सकता है. इसके अलावा भारतीय करेंसी लगातार टूटने के बाद अब सुधार के रास्ते पर है और डॉलर के मुकाबले 92.85 पर पहुंच गया. इसके अलावा IT-Banking Stocks के शेयरों ने बाजार को सपोर्ट किया.
Reliance Share का बुरा हाल
शेयर बाजार में भले ही तेजी लौटी हो, लेकिन देश की सबसे बड़ी कंपनी के शेयर का बुरा हाल रहा. मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर दिनभर क्रैश (Reliance Share Crash) होता रहा. शुरुआती कारोबार में करीब 5 फीसदी तक का गोता लगाने के बाद बाजार बंद होने पर भी RIL Stock 3.41 फीसदी की गिरावट लेकर 1304.75 रुपये पर क्लोज हुआ.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क