नीतीश कुमार बनेंगे लालू यादव के पड़ोसी, खाली कर रहे सीएम आवास

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीएम पोस्ट छोड़ने के बाद अब सीएम आवास भी खाली कर रहे हैं. वह नए आवास में कभी भी प्रवेश कर सकते हैं. नीतीश का नया आवास पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास से दो सौ मीटर की दूरी पर है.

Advertisement
ट्रैक्टर से ले जाया जा रहा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सामान (File Photo: ITG) ट्रैक्टर से ले जाया जा रहा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सामान (File Photo: ITG)

शशि भूषण कुमार

  • पटना,
  • 01 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:01 PM IST

साल 2014 में कुछ महीनों को छोड़ दें, तो पिछले 20 साल से भी अधिक समय से पटना का एक अणे मार्ग नीतीश कुमार का पता रहा है. अब यह पता बदलने जा रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीएम की कुर्सी छोड़ने के बाद अब मुख्यमंत्री आवास भी खाली करने जा रहे हैं. नीतीश कुमार का सामान शुक्रवार को ट्रैक्टर के जरिये एक अणे मार्ग से ले जाने का काम तेज गति से शुरू हो गया.

Advertisement

मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद भी अभी तक नीतीश कुमार सीएम हाउस में ही रह रहे हैं. अब नीतीश कुमार 7, सर्कुलर रोड आवास में शिफ्ट होंगे. बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अपने नए आवास में 2 मई को ही शिफ्ट हो सकते हैं. नीतीश कुमार पहले भी इस बंगले में रह चुके हैं. साल 2014 के आम चुनाव में जनता दल (यूनाइटेड) की हार के बाद नीतीश कुमार ने जब मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ी थी और जीतनराम मांझी को सत्ता सौंपी थी, तब भी वह इसी बंगले में रहे थे.

पटना के 7, सर्कुलर रोड आवास को नीतीश कुमार के लिए तैयार कर दिया गया है. इस बंगले के प्रवेश द्वार और परिसर को फूल-माला से सजा दिया गया है. इसे इस बात का संकेत माना जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कभी भी नए बंगले में गृह प्रवेश कर सकते हैं. नीतीश कुमार के इस बंगले में शिफ्ट होने के बाद मुख्यमंत्री आवास के मेंटेनेंस का काम होगा. मुख्यमंत्री आवास में मेंटेनेंस का काम पूरा होने के बाद सीएम सम्राट चौधरी उसमें शिफ्ट करेंगे.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'नीतीश कुमार को फिनिश कर दिया...', सम्राट चौधरी को CM बनने की बधाई देते हुए बोले तेजस्वी

फिलहाल, सम्राट चौधरी को डिप्टी सीएम के तौर पर 5 देशरत्न मार्ग आवास आवंटित है. सीएम सम्राट चौधरी 5 देशरत्न मार्ग के आवास में भी नहीं रहते. सीएम सम्राट चौधरी अपने परिवार के साथ पटना के कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में ही रहते हैं. नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार में डिप्टी सीएम रहे सम्राट चौधरी उनके राज्यसभा जाने के बाद बिहार का मुख्यमंत्री बने हैं. एक अणे मार्ग सीएम नीतीश के बाद अब सम्राट चौधरी का नया पता होगा.

यह भी पढ़ें: सम्राट सरकार ने जीता विश्वास मत, बोले- नई सरकार भी नीतीश कुमार के रास्ते पर चलेगी

गौरतलब है कि नीतीश कुमार का नया आवास 7, सर्कुलर रोड पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास से बहुत करीब है. लालू परिवार के बंगले से नीतीश के आवास की दूरी महज दो सौ मीटर के करीब बताई जा रही है. 35 साल से अधिक समय तक बिहार का पावर सेंटर रहे लालू यादव और नीतीश कुमार अब पड़ोसी बन जाएंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement