बिहार में एक और मटुकनाथ, 60 साल के प्रिंसिपल ने 28 साल की टीचर से रचाई शादी

मुजफ्फरपुर में 60 साल के स्कूल प्रिंसिपल और 28 साल की महिला टीचर ने नेपाल में एक दूसरे से शादी रचा ली जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया है. युवती के भाई ने अपहरण और जबरन विवाह का आरोप लगाया है, जबकि शिक्षिका ने वीडियो जारी कर इसे अपनी मर्जी बताया है. मामले में एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है.

Advertisement
 स्कूल प्रिंसिपल ने की टीचर से शादी (Photo: Screengrab) स्कूल प्रिंसिपल ने की टीचर से शादी (Photo: Screengrab)

मणिभूषण शर्मा

  • मुजफ्फरपुर,
  • 22 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 5:05 PM IST

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल ने 28 साल की महिला टीचर से नेपाल जाकर शादी रचा ली जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया. प्रिंसिपल की उम्र 60 साल बताई जा रही है. शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में ये खबर आग की तरह फैल गई. इस घटना के बाद लोगों को बिहार के चर्चित प्रोफेसर मटुकनाथ की याद आ गई जिन्होंने कॉलेज में अपनी ही स्टूडेंट जूली से शादी रचा ली थी.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, स्कूल संचालक और प्रिंसिपल राकेश साह चार बच्चों के पिता बताए जा रहे हैं. उन्होंने अपने ही स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका शाइस्ता परवीन से 18 फरवरी को नेपाल के जनकपुर में विवाह कर लिया.

नेपाल जाकर दोनों ने रचाई शादी

शादी के बाद युवती के भाई ने औराई थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन का अपहरण कर जबरन शादी कराई गई है. शिकायत में राकेश साह, उनकी पत्नी, बेटी समेत कुल सात लोगों को नामजद किया गया है. भाई ने यह भी आशंका जताई है कि उसकी बहन के साथ अनहोनी हो सकती है.

वहीं दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में शाइस्ता परवीन ने दावा किया है कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है. वीडियो में उन्होंने कहा कि वो सुरक्षित हैं और उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है. उनका यह भी कहना है कि साल 2025 में ही आपसी सहमति से विवाह हो चुका था.

Advertisement

गांव में फैला तनाव

मामले के सामने आने के बाद गांव में तनाव का माहौल है. दो समुदायों के बीच संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस ने एहतियात बरतते हुए जांच तेज कर दी है. औराई थाना प्रभारी रानोवर परवीन ने बताया कि नामजद आरोपियों में से तीन लोगों के मोबाइल फोन जब्त कर कॉल डिटेल खंगाली जा रही है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है.फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला प्रेम विवाह का है या फिर किसी प्रकार के दबाव का. पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी.

कौन थे मटुकनाथ
 
पटना विश्वविद्यालय में हिंदी के प्राध्यापक रहे मटुकनाथ चौधरी ने साल  2006 में अपनी ही छात्रा जूली के साथ लव स्टोरी को लेकर सुर्खियों में आए थे. उस समय उनकी पत्नी द्वारा सार्वजनिक विरोध के बाद मामला राष्ट्रीय मीडिया तक पहुंच गया था. विरोध के बावजूद उन्होंने छात्रा से शादी रचा ली थी.  विवाद के चलते उन्हें निलंबन और सामाजिक आलोचना का सामना करना पड़ा था. 


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »