Explained: लाखों अमेरिकी नागरिक क्यों ले रहे कनाडा की नागरिकता?

कनाडा और अमेरिका 8 हजार, 891 किलोमीटर लंबा बॉर्डर शेयर करते हैं. ये दुनिया का सबसे बड़ा बॉर्डर है. यहां कई घर ऐसे भी हैं, जिनका पड़ोस किसी दूसरे देश का घर है, यानी कनाडाई का पड़ोसी अमेरिकन और अमेरिकन का पड़ोसी कनाडाई.

Advertisement
मार्च 2026 के आंकड़ों के अनुसार, कनाडा का पासपोर्ट दुनिया के सबसे मजबूत पासपोर्टों में से एक है, जो आमतौर पर 7वें या 8वें स्थान पर रहता है. (Photo-Pexels) मार्च 2026 के आंकड़ों के अनुसार, कनाडा का पासपोर्ट दुनिया के सबसे मजबूत पासपोर्टों में से एक है, जो आमतौर पर 7वें या 8वें स्थान पर रहता है. (Photo-Pexels)

हुमरा असद

  • टोरंटो,
  • 16 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:02 AM IST

इन दोनों की तुलना कुछ मामलों में दिल्ली-नोएडा से की जा सकती है. जैसे-किराए पर घर दिल्ली में सस्ते मिल जाते हैं लेकिन नौकरी के लिहाज़ से नोएडा बेहतर है. दिल्ली में भीड़ बहुत है, नोएडा में थोड़ा सुकून है. ऐसे कई पैमाने हैं, जिनसे दोनों इलाकों की तुलना की जा सकती है. किसी मामले में एक खरा उतरता है तो किसी मामले में दूसरा. कुछ ऐसा हाल अमेरिका और कनाडा का भी है.

अमेरिका में पैसा ज्यादा कमाया जा सकता है, घर थोड़े सस्ते हैं लेकिन कनाडा में हेल्थकेयर बेहतर है, ज्यादा सुरक्षित माहौल है. सुकून की तलाश में लोग कनाडा आते हैं और कनाडा का पासपोर्ट मजबूत पासपोर्ट की लिस्ट में 7वें या 8वें नंबर पर रहता है. इसी मजबूती को बनाए रखने के लिए कनाडा ने नया नागरिकता बिल पास किया है. जिसके तहत अब अमेरिका के लाखों नागरिक कनाडा की दोहरी नागरिकता का दावा करने के पात्र हैं.

Advertisement

वहीं, दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति नागरिकता लेने की दिशा में आने बढ़ रहे हैं. पिछले दिनों ICE एजेंट्स के तानाशाही रवैये की भी खूब खबरें आईं थीं. अपने कार्यकाल के पहले ही दिन, ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य संयुक्त राज्य अमेरिका में अस्थायी निवासियों और अवैध अप्रवासियों के बच्चों के लिए जन्मजात नागरिकता के अधिकार को समाप्त करना था. जिस साल ट्रंप ने संयुक्त राज्य अमेरिका में जन्मे बच्चों को नागरिकता देने से इनकार करने का कदम उठाया, उसी साल कनाडा ने विश्वभर में जन्मे बच्चों को नागरिकता प्रदान की.

दिसंबर 2025 में कनाडा का नया नागरिकता कानून बिल C-3 लागू हुआ. इसके के बाद से एक दिलचस्प ट्रेंड सामने आया है. कनाडाई मूल के हजारों अमेरिकी नागरिक कनाडा की नागरिकता पाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. लेकिन इनमें से कई लोगों का फिलहाल कनाडा जाकर बसने का कोई इरादा नहीं है. वे केवल कागजी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं.

Advertisement

कनाडा के नए कानून के तहत, कनाडाई मूल के लोग खुद ही कनाडाई नागरिकता पाने के हक़दार हो जाते हैं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वो कहां पैदा हुए थे और न ही इससे कोई फर्क पड़ता है कि आपके माता-पिता या दादा-दादी कभी कनाडा में रहे थे. हालांकि ये उन लोगों के लिए है, जिनका जन्म 15 दिसंबर, 2025 से पहले हुआ है.

और ऐसे लाखों लोग अमेरिका में बसे हुए हैं, जिनकी जड़ें कनाडा से जुड़ी हैं. यानी उनके पूर्वज कनाडाई नागरिक रहे हों. नए बिल के लागू होते ही लाखों अमेरिकी लोग कनाडा का पासपोर्ट पाने की कोशिश में लग गए हैं. ये बिल उन भारतीय मूल के लोगों के लिए भी फायदेमंद है, जिनके बच्चों का जन्म किसी दूसरे देश में हुआ हो. लेकिन क्यों लाखों अमेरिकी कनाडा की नागरिकता लेने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं?

दक्षिण कैरोलिना (अमेरिकी राज्य) में रहने वाले स्कॉट (बदला हुआ नाम) इसका उदाहरण हैं. छोटे बच्चों के पिता और कई व्यवसायों में हाथ आजमा चुके स्कॉट कहते हैं कि उन्हें वहीं रहना पसंद है, जहां गर्म मौसम है. उनके पास अभी कहीं जाने का कोई प्लान नहीं है, लेकिन वे इसे एक “विकल्प” के तौर पर देख रहे हैं. उनका कहना है कि यह जानकर उन्हें सुकून मिलता है कि अगर कभी हालात बदलते हैं, तो वे और उनका परिवार तुरंत कनाडा जा सकते हैं.

Advertisement

न्यू हैम्पशायर (अमेरिकी राज्य) की रिटायर्ड लॉ फर्म सीईओ लिन भी इसी सोच के साथ आगे बढ़ी हैं. उन्होंने नागरिकता प्रमाण के लिए आवेदन कर दिया है. स्कॉट और लिन जैसे लोगों के लिए यह कदम एक सस्ता और सुरक्षित भविष्य विकल्प बन गया है. लगभग 10 महीनों में उन्हें कनाडा में प्रवेश, वहां रहने, सामाजिक सेवाओं का लाभ लेने और किसी भी नियोक्ता के लिए काम करने का बिना शर्त अधिकार मिल सकता है और ये अधिकार जीवनभर के लिए होंगे.

इस ट्रेंड में कुछ लोग नए मौके भी देख रहे हैं. उत्तरी कैरोलिना (अमेरिकी राज्य) के शार्लोट में रहने वाले रिटायर्ड टेक्नोलॉजी एग्जीक्यूटिव रे हर साल गर्मियों में कनाडा के मशहूर पार्क... बैन्फ नेशनल पार्क और जैस्पर नेशनल पार्क में घूमना और ट्रेकिंग करना चाहते हैं. वे अब यह चिंता नहीं करना चाहते कि अमेरिकी पासपोर्ट पर तय सीमा से ज्यादा दिन कनाडा में न रुक जाएं. जैसे ही उनकी पत्नी ने कानून में बदलाव के बारे में पढ़ा, रे ने तुरंत अपने दस्तावेज़ जुटाने शुरू कर दिए.

वहीं, कैलिफोर्निया (अमेरिकी राज्य) में रहने वाले ग्रेग महंगी संपत्तियों से परेशान हैं. वाइन इंडस्ट्री से जुड़े ग्रेग की योजना है कि वे मॉन्ट्रियल में एक समर होम खरीदें और सर्दियों में कैलिफोर्निया के अंगूर के बागों में काम करें. अमेरिकी डॉलर में कमाई और अच्छा एक्सचेंज रेट उनके लिए फायदेमंद है. कनाडाई नागरिक बनने के बाद वे विदेशी खरीदारों पर लगी पाबंदी से भी बच सकते हैं. साथ ही, भविष्य में मॉन्ट्रियल में बसने पर उन्हें कनाडा की सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी मिल सकता है.

Advertisement

इस नागरिकता की होड़ के पीछे एक और बड़ी वजह है—परिवार का भविष्य. लिन के बेटे मार्क की ब्रिटिश गर्लफ्रेंड है और फिलहाल शादी की योजना नहीं है. ऐसे में दोनों अपने-अपने पासपोर्ट के कारण निवास संबंधी प्रतिबंधों से जूझ रहे हैं. कनाडाई नागरिकता मिलने के बाद उनके लिए यात्रा और रहने के विकल्प आसान हो सकते हैं. वहीं, रे की बेटी लूसी, जो मिडिल स्कूल में मैथ्स पढ़ाती हैं, टोरंटो में टीचर बनने का सपना देख रही हैं. वहां बेहतर वेतन, सुरक्षा और पेंशन जैसी सुविधाएं हैं, लेकिन एक अमेरिकी नागरिक के तौर पर उन्हें वर्क परमिट से लेकर स्थायी निवास तक लंबी और कठिन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता. कनाडाई पासपोर्ट उनके लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है, जिसे वे आगे अपने बच्चों को भी दे सकती हैं.

नागरिकता पाने के प्रोसेस की शुरुआत एलिजिबिलिटी टेस्ट से होती है. अगर किसी व्यक्ति के माता-पिता, दादा-दादी या उससे भी पहले की पीढ़ियों में कोई कनाडाई पूर्वज रहा है, तो नए कानून के तहत वे पहले से ही नागरिक माने जा सकते हैं, बशर्ते उनका जन्म 15 दिसंबर 2025 से पहले हुआ हो. इसके लिए उन्हें अपने वंश का प्रमाण देना होगा, जैसे जन्म प्रमाण पत्र या अन्य पारिवारिक दस्तावेज़ और फिर कनाडा के इमिग्रेशन विभाग में “प्रूफ ऑफ सिटिजनशिप” के लिए आवेदन करना होगा. प्रमाण पत्र मिलने के बाद वे कनाडाई पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं. 

Advertisement

ये पूरी प्रक्रिया 11 महीने में पूरी हो रही है. जबकि किसी अन्य तरीके से कनाडा की नागरिकता लेना एक मुश्किल और लंबी प्रक्रिया है. दिलचस्प बात ये है कि अगर एक व्यक्ति पात्र है, तो उसके भाई-बहन, चचेरे भाई-बहन और उनके बच्चे भी उसी पूर्वज के आधार पर पात्र हो सकते हैं यानी एक आवेदन पूरे विस्तारित परिवार के लिए रास्ता खोल सकता है. तेजी से बदल रही वैश्विक राजनीति के बीच भी लोग नए अवसर तलाश रहे हैं ताकि भविष्य के लिए विकल्प रखे जा सकें. 

बता दें कनाडा और अमेरिका दोनों ही देश दोहरी नागरिकता रखने की आजादी देने वाले देश हैं और दो देशों की नागरिकता किसी भी शख्स को मिलने वाली सुविधाओं में इज़ाफा करती है, चाहे ये दोनों देशों में मिलने वाली सुविधाएं हों या वैश्विक स्तर पर मिलने वाली सुविधाएं हों. बता दें कि अमेरिका के न्यू इंग्लैंड में ही लगभग तीन मिलियन अमेरिकी कनाडाई नागरिकता के पात्र हैं. इनमें से ज्यादातर लोगों का संबंध 1870 से 1930 के बीच हुए बड़े पैमाने पर कनाडा प्रवास से है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement