'चूहों की तरह...', ट्रंप के मंत्री ने सुप्रीम लीडर पर कही ऐसी बात, भड़के ईरान ने दिया करारा जवाब

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई समेत अन्य नेताओं की तुलना चूहे से की, जिससे ईरान ने तीव्र प्रतिक्रिया दी है. हेगसेथ ने कहा कि ईरानी नेता हमलों से बचने के लिए अंडरग्राउंड छिपे हुए हैं.

Advertisement
पीट हेगसेथ ने मोजतबा खामेनेई के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है (Photo: Reuters) पीट हेगसेथ ने मोजतबा खामेनेई के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:58 PM IST

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई समेत ईरान के नेताओं की तुलना चूहों से की है जिस पर ईरान की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया आई है. हेगसेथ ने कहा कि ईरानी नेता हमलों से बचने के लिए अंडरग्राउंड ठिकानों में छिपे हुए हैं. उनकी इस टिप्पणी पर ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारिजानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि ईरानी नेता अमेरिकी नेताओं की तरह एपस्टीन द्वीप पर नहीं बल्कि जनता के बीच रहते हैं.

Advertisement

लारिजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हेगसेथ का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'मिस्टर हेगसेथ! हमारे नेता हमेशा से जनता के बीच रहे हैं और आज भी वहीं हैं. लेकिन आपके नेता? एपस्टीन के द्वीप पर मिलते हैं!'

एपस्टीन द्वीप अमेरिकी फाइनेंसर जेफ्री एप्स्टीन का निजी द्वीप है जिसे Little Saint James के नाम से जाना जाता है. यह जगह उनके सेक्स-ट्रैफिकिंग कांड के कारण काफी विवादों में रही थी. इस केस में ट्रंप समेत अमेरिका की कई बड़ी हस्तियों का नाम आया था.

हेगसेथ ने क्या कहा था कि भड़क गए अली लारिजानी

शुक्रवार सुबह एक प्रेस ब्रीफिंग में हेगसेथ ने ईरान के नेताओं की आलोचना करते हुए कहा, 'अमेरिका कट्टरपंथी ईरानी शासन की सैन्य ताकत को ऐसे तबाह कर रहा है जैसा दुनिया ने पहले कभी नहीं देखा. हमने पहले ही कहा था कि यह बराबरी की लड़ाई नहीं होगी, और वास्तव में ऐसा ही हुआ है.'

Advertisement

हेगसेथ के मुताबिक अब तक ईरान के 15,000 से ज्यादा सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा चुका है. उन्होंने कहा कि इन हमलों में ईरान की एयर डिफेंस, वायुसेना और नौसेना लगभग तबाह हो चुकी हैं, जबकि उसकी मिसाइल क्षमता में करीब 90% की गिरावट आई है. उन्होंने चेतावनी दी कि शुक्रवार को ईरान पर अब तक के सबसे तीव्र अमेरिकी हमले हो सकते हैं.

उन्होंने ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की तरफ इशारा करते हुए कहा, 'ईरान का नेतृत्व भी अच्छी स्थिति में नहीं है. वे घबराकर अंडरग्राउंड छिपे हुए हैं. चूहे भी ऐसा ही करते हैं.'

हेगसेथ ने मोजतबा खामेनेई को 'कथित सर्वोच्च नेता' बताते हुए कहा कि वो घायल हैं और शायद उनका चेहरा भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है.

अमेरिकी मीडिया पर भी भड़के हेगसेथ

अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमले शुरू किए थे और युद्ध शुरू होने के लगभग दो हफ्ते बाद यह संघर्ष पूरे मध्य-पूर्व क्षेत्र में फैल चुका है. अब तक ईरान युद्ध में कम से कम 13 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है और 140 घायल हुए हैं.

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान हेगसेथ ने अमेरिकी मीडिया की भी आलोचना की. उन्होंने खास तौर पर एबीसी न्यूज और CNN का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ रिपोर्टों में 'युद्ध के फैलने' जैसी हेडलाइंस जा रही है, जो कि गलत है.

Advertisement

उन्होंने कहा, 'मैंने कल एक फर्जी हेडलाइन देखी- युद्ध फैल रहा है. असली हेडलाइन ये होनी चाहिए- ‘ईरान सिमट रहा है और अंडरग्राउंड जा रहा है.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement