'अमेरिका के बस की बात नहीं', ईरान में सत्ता परिवर्तन पर ऐसा क्यों बोले एक्सपर्ट

अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान में सत्ता परिवर्तन को लेकर बहस तेज है, लेकिन पूर्व राजनयिक अचल मल्होत्रा का कहना है कि यह न तो आसान है और न ही अमेरिका के बस की बात. उनके अनुसार, मौजूदा शासन के खिलाफ असंतोष के बावजूद ईरानी जनता किसी बाहरी ताकत का शासन स्वीकार नहीं करेगी.

Advertisement
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान 'ईरान युद्ध बंद करो' की तख्तियां लिए हुए लोग. (Photo: AFP) न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान 'ईरान युद्ध बंद करो' की तख्तियां लिए हुए लोग. (Photo: AFP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 02 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:38 PM IST

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों और सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बीच पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है. ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल और मध्य पूर्व के देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ​ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं. इस पूरे घटनाक्रम के बाद एक बार फिर यह सवाल उठने लगा है कि क्या ईरान में सत्ता परिवर्तन संभव है और क्या अमेरिका इस्लामी शासन को हटाने में सफल हो पाएगा?

Advertisement

इस मुद्दे पर पूर्व भारतीय राजनयिक अचल मल्होत्रा ने कहा है कि ईरान में सत्ता परिवर्तन न तो आसान है और न ही यह अमेरिका के बस की बात है. अचल मल्होत्रा के मुताबिक, अगर हम कुछ देर के लिए यह मान भी लें कि ईरान में मौजूदा धर्म आधारित शासन व्यवस्था खत्म हो जाती है, तब भी ऐसा कोई विश्वसनीय विकल्प नहीं दिखता जो उस राजनीतिक वैक्यूम को भर सके. उन्होंने कहा कि चर्चा बार-बार रजा पहलवी के नाम पर आकर टिक जाती है, लेकिन हकीकत यह है कि खुद अमेरिका के भीतर भी इस बात पर एकराय नहीं है कि उन्हें ईरान की सत्ता सौंपी जाए.

यह भी पढ़ें: इजरायल-ईरान युद्ध की वजह से विदेश में फंसे बड़े कारोबारी के बेटे-बहू, मदद की लगाई गुहार

उन्होंने यह भी माना कि ईरान में मौजूदा शासन को लेकर जनता में नाराजगी है. आर्थिक संकट, शासन की सख्ती और नीतियों के खिलाफ ईरानी नागरिक सड़कों पर उतरे हैं. बावजूद इसके, ईरानी समाज कभी यह स्वीकार नहीं करेगा कि कोई बाहरी ताकत आकर उनके देश की सत्ता तय करे. खासतौर पर अमेरिका द्वारा यह तय करना कि ईरान कैसे चलेगा, ईरानियों को मंजूर नहीं होगा. अचल मल्होत्रा ने बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अमेरिका ने मोहम्मद यूनुस को पैराशूट करके सत्ता में बिठाया, जो करीब 18 महीने सरकार चलाने के बाद सत्यानाश करके चले गए. 

Advertisement

पूर्व राजनयिक अचल मल्होत्रा के मुताबिक, ईरान बांग्लादेश नहीं है और वहां ऐसा प्रयोग दोहराया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि अगर इजरायल, अमेरिका और उनके सहयोगी ईरान में जमीनी सैन्य कार्रवाई कर इस्लामी शासन के पूरे ढांचे को नष्ट कर दें, तभी सत्ता परिवर्तन संभव हो सकता है. लेकिन उन्हें नहीं लगता कि पश्चिमी देश ईरान जैसे बड़े और जटिल देश में ग्राउंड ऑपरेशन का जोखिम उठाएंगे. अचल मल्होत्रा के अनुसार, चाहे हालात कितने भी तनावपूर्ण क्यों न हों, ईरान में सत्ता का भविष्य अंततः आंतरिक राजनीतिक प्रक्रियाओं और जनता की इच्छा से ही तय होगा, न कि बाहरी सैन्य दबाव से.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement