मध्य पूर्व से एक ऐसी खबर आ रही है जिसने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है. ईरानी सरकारी मीडिया और समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए संयुक्त हवाई हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की बेटी और उनके पोते की मौत हो गई है.
आधिकारिक रिपोर्ट्स में यह भी पुष्टि की गई है कि इस भीषण हमले में 86 वर्षीय खामेनेई के दामाद और बहू ने भी अपनी जान गंवा दी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट के जरिए दावा किया कि इस हमले में अयातुल्ला खामेनेई खुद भी मारे गए हैं.
ट्रंप ने उन्हें इतिहास के सबसे क्रूर व्यक्तियों में से एक बताते हुए कहा, "खामेनेई की मौत ईरान के लोगों के लिए अपने देश पर फिर से नियंत्रण पाने का सबसे बड़ा अवसर है." उन्होंने इस घटना को ईरान और अमेरिका के लोगों के लिए 'न्याय' करार दिया.
वहीं, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सीधे तौर पर पुष्टि तो नहीं की, लेकिन संकेतों में कहा कि खामेनेई का ठिकाना पूरी तरह नष्ट हो चुका है और कई संकेत बताते हैं कि वे अब जीवित नहीं हैं. रॉयटर्स ने एक अनाम इजरायली अधिकारी के हवाले से यहां तक कहा है कि हमले के बाद मलबे से खामेनेई का शव बरामद कर लिया गया है.
यह भी पढ़ें: 'ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई अब नहीं रहे', इजरायली PM नेतन्याहू के दावे को ईरान ने बताया मेंटल वॉरफेयर
ईरान का पलटवार और खंडन
दूसरी ओर, तेहरान ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है. ईरान के सरकारी मीडिया ने सर्वोच्च नेता के कार्यालय के जनसंपर्क प्रमुख के हवाले से इसे 'मनोवैज्ञानिक युद्ध' (Mental Warfare) करार दिया है. उन्होंने कहा कि दुश्मन देश अफवाहें फैलाकर अस्थिरता पैदा करना चाहते हैं.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी एक इंटरव्यू में कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार खामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन जीवित है. इसके अलावा खामेनेई के एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से एक धार्मिक संदेश पोस्ट किया गया, जिससे उनके जीवित होने का संकेत देने की कोशिश मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें: ईरान पर US-इजरायल के हमले से दुनिया में खलबली... यूरोप ने बुलाई आपात बैठक, रूस-चीन ने की निंदा
हमले की भयावहता
इजरायल और अमेरिका का कहना है कि यह हमला तेहरान के आसपास रणनीतिक सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किया गया था. तेहरान में देर रात कई बड़े धमाकों की आवाज सुनी गई और राजधानी के कई हिस्सों में आपातकालीन सेवाएं तैनात कर दी गई हैं. हालांकि, हताहतों की सही संख्या की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन खामेनेई के परिवार के सदस्यों की मौत की खबर ने क्षेत्र में तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है.
aajtak.in