इजरायल का लेबनान पर कहर, भीषण हमले में 254 लोगों की मौत, अस्पतालों में कम पड़ी जगह

मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है. लेबनान पर इजरायल के भीषण हवाई हमलों ने तबाही का मंजर पैदा कर दिया है. इसमें सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं. इस पर ईरान ने कड़ा रुख अपनाते हुए अमेरिका के साथ हुए समझौते को तोड़ने की धमकी दी है. होर्मुज पर ईरान के नए फरमान ने दुनिया में हड़कंप मचा दिया है.

Advertisement
मिडिल ईस्ट में महायुद्ध के संकेत, ईरान की सीजफायर खत्म करने की धमकी. (File Photo: AP) मिडिल ईस्ट में महायुद्ध के संकेत, ईरान की सीजफायर खत्म करने की धमकी. (File Photo: AP)

aajtak.in

  • बेरूत/वॉशिंगटन,
  • 08 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:42 PM IST

लेबनान और इजरायल के बीच छिड़ी जंग अब भीषण रूप अख्तियार कर चुकी है. बुधवार को लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जो आंकड़े जारी किए हैं, वे दिल दहला देने वाले हैं. 24 घंटों में हुए इजरायली हमलों में 254 लोगों की जान चली गई है, जबकि 700 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं. 

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, देश के तमाम अस्पताल घायलों से पटे पड़े हैं और चिकित्सा व्यवस्था चरमराने की कगार पर है. इस खूनी संघर्ष के बीच अमेरिका की ओर से एक स्पष्टीकरण सामने आया है. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने 'एक्सियोस' से बातचीत की है.

Advertisement

उन्होंने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए हालिया संघर्ष विराम समझौते से लेबनान का कोई लेना-देना नहीं है. अमेरिका ने स्पष्ट कर दिया है कि लेबनान में जारी सैन्य कार्रवाई उस समझौते के दायरे से बाहर है, जिससे क्षेत्र में शांति की उम्मीद जगी थी. ईरान ने कड़ा एतराज जताया है.

ईरान की न्यूज एजेंसी 'तस्नीम' ने सूत्र के हवाले से दावा किया है कि यदि लेबनान पर इजरायली हमले नहीं थमे, तो वो मौजूदा संघर्ष विराम समझौते से पीछे हट जाएगा. ये धमकी इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में यह युद्ध बड़ा रूप ले सकता है, जिसमें ईरान सीधे तौर पर कूद सकता है.

इसका प्रभाव अब समुद्री व्यापारिक रास्तों तक भी पहुंच गया है. शिपिंग सूत्रों के हवाले से खबर है कि ईरानी नौसेना ने एक आधिकारिक संदेश जारी कर जहाज मालिकों को चेतावनी दी है. ईरान ने कहा है कि संबंधित समुद्री रास्तों से गुजरने वाले हर जहाज को अब तेहरान से अनुमति लेनी होगी. 

Advertisement

इस संदेश में कहा गया है कि बिना अनुमति के होर्मुज स्ट्रेट में प्रवेश करने वाले जहाजों को निशाना बनाया जाएगा. हमला करके उन्हें नष्ट कर दिया जाएगा. इस कदम से अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. अभी तक इस पर अमेरिकी की प्रतिक्रिया नहीं आई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement