मध्य पूर्व में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है. अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर छह दिनों से जारी हमलों के बाद अब संघर्ष और तेज हो गया है. इस बीच ईरान ने दावा किया है कि उसकी एयर डिफेंस फोर्स ने पश्चिमी शहर कसर-ए-शिरीन के पास एक उन्नत अमेरिकी MQ-9 ड्रोन को मार गिराया है. ईरान के अनुसार यह ड्रोन उसके हवाई क्षेत्र के पास उड़ान भर रहा था.
इसी बीच ईरान ने कहा है कि उसने तेल अवीव के दिल को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन से संयुक्त हमला किया. ईरान का कहना है कि इस ऑपरेशन में मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया. दूसरी तरफ इजरायल ने भी जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है. इजरायली सेना ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में भारी हवाई हमले किए. इन इलाकों को हिज्बुल्लाह का गढ़ माना जाता है.
ईरान ने अमेरिकी MQ-9 ड्रोन मार गिराने का किया दावा
इस पूरे संघर्ष के बीच अमेरिका और इजरायल का कहना है कि उनका सैन्य अभियान ईरान की सैन्य ताकत को कमजोर कर रहा है. इस अभियान को ऑपरेशन एपिक फ्यूरी नाम दिया गया है. ईरान लगातार खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है. इन हमलों के कारण पूरे मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया है और कई देशों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है.
ईरान बोला, हवाई क्षेत्र के पास उड़ रहे MQ-9 को किया टारगेट
ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच यह युद्ध अब सातवें दिन में प्रवेश कर चुका है. हमले सिर्फ ईरान तक सीमित नहीं हैं बल्कि मध्य पूर्व के अन्य देशों में भी सैन्य कार्रवाई की खबरें सामने आ रही हैं. क्षेत्र में जारी इस संघर्ष ने हालात को और जटिल बना दिया है और आने वाले दिनों में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
aajtak.in