खाड़ी मुल्कों में अंधाधुंध ड्रोन-मिसाइल हमलों से चीन नाराज, दोस्त ईरान को दिया बड़ा झटका!

चीन ने ईरान द्वारा रिहायशी इलाकों और गैर-सैन्य ठिकानों पर हो रहे हमलों की निंदा की है. इसी बीच ईरान-इजरायल संघर्ष और तेज हो गया है, जबकि होर्मुज स्ट्रेट और खाड़ी क्षेत्र में कई जहाजों पर हमलों की खबरें सामने आई हैं. चीन के ताजा बयान को ईरान की आलोचना के तौर पर देखा जा रहा है.

Advertisement
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग. (File Photo) ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग. (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 11 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:52 PM IST

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच चीन ने खाड़ी देशों पर हो रहे हमलों को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उसने साफ कहा है कि वह रिहायशी इलाकों और गैर-सैन्य ठिकानों पर किए जा रहे हमलों का समर्थन नहीं करता. इस बयान को ईरान के खिलाफ चीन की आलोचना के रूप में देखा जा रहा है.

बीजिंग में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि चीन खाड़ी देशों पर किए जा रहे हमलों से सहमत नहीं है और रिहायशी और गैर-सैन्य ठिकानों पर किसी भी तरह के अंधाधुंध हमलों की निंदा करता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: अमेरिका ने बड़ा ऐलान करके लिया यू-टर्न! ईरान की धमकी के बीच होर्मुज स्ट्रेट के पास भी नहीं फटक रहे तेल टैंकर?

इसी दौरान चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने भी कहा कि ईरान को लेकर बढ़ते संकट को रोकने की कुंजी अमेरिका और इजरायल के सैन्य अभियानों को रोकने में है. उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ चल रहा युद्ध का कोई कानूनी आधार नहीं है, और इसे लंबा खींचने से केवल बेवजह लोगों की जानें जाएंगी. चीन ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों के अनुसार जिम्मेदार रुख अपनाने की जरूरत पर जोर दिया.

इस बीच क्षेत्र में संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है. ईरान के सरकारी टीवी चैनल आईआरआईबी के मुताबिक, ईरान ने इजरायल पर अब तक का सबसे भारी और तीव्र मिसाइल हमला किया है. हालांकि इजरायल की एयर डिफेंस सिस्टम ने कई मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया.

Advertisement

एक समुद्री सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक होर्मुज स्ट्रेट में एक कार्गो जहाज को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया, जिससे जहाज में आग लग गई और क्रू को जहाज खाली करना पड़ा. वहीं संयुक्त अरब अमीरात के तट के पास एक कंटेनर जहाज पर भी हमला हुआ, हालांकि सभी क्रू सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: फारस की खाड़ी में इस छोटे द्वीप पर US-इजरायल की नजर... ट्रंप ने 40 साल पहले दी थी कब्जे की धमकी

इस दौरान कतर की राजधानी दोहा में कई विस्फोटों की खबरें सामने आई हैं. वहीं इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत और उसके दक्षिणी शहरों में हवाई हमले किए हैं, जिन्हें ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर किया गया बताया जा रहा है. लेबनान के अधिकारियों के मुताबिक इस संघर्ष के बाद से अब तक करीब 7 लाख 60 हजार लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं.

उधर अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरान की 16 माइन बिछाने वाली नौकाओं को नष्ट कर दिया है. यह कार्रवाई उस चेतावनी के बाद हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान ने इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश की तो इसके गंभीर परिणाम होंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement