ईरान वॉर जोन में 23000 भारतीय नाविकों की जान को खतरा, सरकार से जल्द एक्शन की मांग

अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच पश्चिम एशिया के समुद्री इलाकों में काम कर रहे करीब 23 हजार भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. उनकी जान खतरे में है. पिछले एक हफ्ते में भारतीय जहाजों या भारतीय क्रू वाले जहाजों पर कई हमले हुए हैं. तीन भारतीय नाविकों की मौत भी हो चुकी है.

Advertisement
वॉर जोन में अब तक तीन भारतीय नाविकों की मौत हो चुकी है. (File Photo) वॉर जोन में अब तक तीन भारतीय नाविकों की मौत हो चुकी है. (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 06 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:29 AM IST

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध का असर अब समुद्र में काम करने वाले भारतीय नाविकों पर भी दिखाई देने लगा है. पश्चिम एशिया के खतरनाक समुद्री इलाकों में काम कर रहे करीब 23 हजार भारतीय नाविकों की जान खतरे में बताई जा रही है. इसी चिंता को लेकर नाविक संगठनों ने सरकार से तुरंत कदम उठाने की मांग की है.

Advertisement

नाविक यूनियनों के प्रतिनिधियों ने मुंबई में जहाजरानी महानिदेशालय के प्रमुख श्याम जगन्नाथन से मुलाकात की और हालात की गंभीरता से जानकारी दी. उनका कहना है कि युद्ध क्षेत्र में फंसे भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए सरकार को तुरंत कदम उठाने चाहिए.

यह भी पढ़ें: 'कोई ऐसा कदम मत उठाना जिससे ईरान...', सऊदी प्रिंस सलमान ने अपने 'दुश्मन' को भी किया फोन

सरकारी जानकारी के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक भारतीय जहाजों या भारतीय क्रू वाले जहाजों पर कम से कम नौ हमले हो चुके हैं. इन हमलों ने समुद्री मार्गों को बेहद खतरनाक बना दिया है.

जहाज पर सवार थे भारतीय नाविक और हो गई गोलीबारी

सबसे ताजा हमला 5 मार्च को हुआ, जब सोनांगोल नामीबे  नाम के जहाज पर गोलीबारी की गई. यह जहाज बहामास के झंडे के तहत चल रहा था और उस पर दस भारतीय नाविक मौजूद थे. यह जहाज इराक के बंदरगाह खोर अल जुबैर के पास खड़ा था.

Advertisement

एक रिपोर्ट के मुताबिक जहाज के डेक पर जोरदार धमाका हुआ, लेकिन जहाज को बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा. जहाज की चलने और दिशा तय करने की व्यवस्था सुरक्षित रही और किसी नाविक की मौत नहीं हुई.

 होर्मुज स्ट्रेट से लेकर ओमान की खाड़ी तक में हालात तनावपूर्ण

समुद्री सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि पूरे इलाके में हालात बेहद तनावपूर्ण हैं. खासकर  होर्मुज स्ट्रेट, फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी को अब उच्च जोखिम वाले समुद्री क्षेत्र घोषित कर दिया गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक इन इलाकों में इस समय 36 भारतीय झंडे वाले जहाज मौजूद हैं. इनमें से 24 जहाज होरमुज स्ट्रेट के पश्चिम में और 12 जहाज उसके पूर्वी हिस्से में हैं. इसके अलावा अदन की खाड़ी में भी तीन जहाज मौजूद हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय नाविक संगठन फॉर्वर्ड सीमेन यूनियन के महासचिव मनोज यादव ने सरकार से मांग की है कि युद्ध क्षेत्र में फंसे नाविकों को भारतीय नौसेना की सुरक्षा दी जाए. उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय और नौसेना मिलकर इन नाविकों को सुरक्षित स्थान पर निकालने की व्यवस्था करें.

यह भी पढ़ें: अल-अक्सा मस्जिद में जुमे की नमाज पर पाबंदी, ईरान जंग के बीच इजरायली प्रशासन का ऐलान

किसी अनहोनी की स्थिति में 45 लाख मुआवजे की मांग

Advertisement

यूनियन ने यह भी मांग की कि अगर किसी भारतीय नाविक की इस युद्ध क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान मौत होती है, तो उसके परिवार को कम से कम 45 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए.

नाविक संगठनों का कहना है कि कई भारतीय नाविक ईरान के बंदरगाहों और फारस की खाड़ी के आसपास के इलाकों में फंसे हुए हैं. लगातार हो रहे हमलों के कारण उनके लिए वहां से निकलना मुश्किल हो गया है.

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पश्चिम एशिया में युद्ध लंबा खिंचता है, तो समुद्री व्यापार और वहां काम कर रहे हजारों भारतीय नाविकों की सुरक्षा एक बड़ा संकट बन सकती है. ऐसे में सरकार के सामने जल्द फैसला लेने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement