बांग्लादेश की नई सरकार के गठन के साथ ही खेल कूटनीति को लेकर सकारात्मक संकेत सामने आए हैं. शपथ लेने के तुरंत बाद नए खेल मंत्री अमीनुल हक ने भारत के साथ क्रिकेट संबंधों में आई खटास दूर करने की पहल की है. उन्होंने साफ कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के हिस्सा नहीं लेने के मुद्दे को बातचीत के जरिए "जल्द सुलझाया" जाना चाहिए.
मंत्रिमंडल के शपथग्रहण के बाद अमीनुल हक ने बताया कि उन्होंने संसद भवन में भारत के उप उच्चायुक्त से मुलाकात की. उन्होंने कहा, "मैंने उनसे टी20 वर्ल्ड कप पर चर्चा की. बातचीत सौहार्दपूर्ण रही. मैंने कहा कि हम इस मुद्दे को चर्चा के जरिए जल्दी सुलझाना चाहते हैं क्योंकि हम अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ फ्रेंडली संबंध बनाए रखना चाहते हैं."
बांग्लादेश के नए खेल मंत्री अमीनुल हक ने कहा, "खेल से लेकर अन्य सभी क्षेत्रों तक, हम भारत के साथ ईमानदार और सौहार्दपूर्ण संबंध बनाना चाहते हैं. कूटनीतिक जटिलताओं के कारण हम वर्ल्ड कप में नहीं खेल सके. अगर ये मुद्दे पहले बातचीत से सुलझा लिए जाते तो हमारी टीम हिस्सा ले सकती थी."
यह भी पढ़ें: भागने की फ़िराक में था बांग्लादेशी हिंदू अफसर का हत्यारा, दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने ऐसे दबोचा
दरअसल, मौजूदा पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था. यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में खेला जा रहा है. पिछली बांग्लादेश सरकार ने टीम को भारत में खेलने के लिए भेजने से इनकार कर दिया था और केवल श्रीलंका में मैच खेलने की इच्छा जताई थी. इसके पीछे भू-राजनीतिक तनाव को वजह बताया गया. था. माना जाता है कि पाकिस्तान के दबाव में बांग्लादेश की तरफ से इस तरह के फैसले लिए थे.
विवाद की शुरुआत तब हुई जब भारत सरकार ने आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स से बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटाने को कहा. इसके बाद घटनाक्रम तेज हुआ और आखिर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया.
हालांकि बांग्लादेश के लिए राहत की खबर भी आई. 9 फरवरी को आईसीसी ने स्पष्ट किया कि भारत में मैच खेलने से इनकार करने पर बांग्लादेश पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी. साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को 2031 पुरुष वनडे विश्व कप से पहले एक विशेष आईसीसी इवेंट की मेजबानी का अधिकार भी दिया गया. 2031 विश्व कप की संयुक्त मेजबानी भारत और बांग्लादेश करेंगे.
यह भी पढ़ें: डर का माहौल, भविष्य को लेकर कन्फ्यूजन... बांग्लादेशी हिंदू अब किस हाल में? ढाका से ग्राउंड रिपोर्ट
भारत की टीम इस साल सितंबर में सीमित ओवरों की सीरीज के लिए बांग्लादेश दौरे पर जा सकती है, जिसमें तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाएंगे. यह दौरा अगस्त 2025 से स्थगित किया गया था, लेकिन इसकी घोषणा हालिया विवाद से पहले हो चुकी थी.
अब देखना होगा कि नई सरकार के तहत क्रिकेट कूटनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या दोनों देशों के बीच मैदान के बाहर की दूरियां मैदान पर सहयोग में बदल पाती हैं.
aajtak.in