मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच दुबई में शुक्रवार को दो तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिनसे शहर के कई हिस्सों में इमारतें हिल उठीं. धमाकों के बाद शहर के केंद्रीय इलाके में काले धुएं का बड़ा गुबार दिखा, जिसने स्थानीय लोगों में चिंता की लहर दौड़ा दी. ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले जारी हैं. जवाबी कार्रवाई में ईरान भी पलटवार करते हुए मिडिल ईस्ट के मुल्कों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला कर रहा है.
फ्रांसीसी न्यूज एजेंसी एएफपी के संवाददाता के अनुसार, उन्होंने दो तेज धमाकों की आवाजें सुनीं, जिनसे आस-पास की इमारतें हिल गईं और आसमान में एक बड़ा काला बादल छा गया.
इस घटना के बाद दुबई मीडिया ऑफिस ने बयान जारी कर कहा कि एक सफल इंटरसेप्शन ऑपरेशन के दौरान गिरे मलबे के कारण शहर के केंद्रीय दुबई इलाके की एक इमारत के बाहर मामूली नुकसान हुआ है. अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की कि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है.
यह भी पढ़ें: इराक में क्रैश अमेरिकी टैंकर विमान में 4 क्रू मेंबर्स की मौत, 2 की तलाश जारी
दुबई मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि गिरे मलबे ने दुबई इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर (DIFC) इलाके में एक इमारत की बाहरी दीवार को नुकसान पहुंचाया. साथ ही, शेख जायद रोड की तरफ सायरन की आवाजें भी सुनी गईं, जो दुबई की प्रमुख सड़कों में से एक है. इसके बाद दुबई पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी.
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब खाड़ी क्षेत्र में मिडिल ईस्ट के 28 फरवरी से जारी युद्ध के बाद तनाव लगातार बढ़ रहा है. इससे पहले गुरुवार को भी दुबई के अल बदाआ इलाके में एक ड्रोन से जुड़ी मामूली घटना हुई थी, जिसमें भी कोई घायल नहीं हुआ था.
aajtak.in