अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर शुक्रवार तड़के जवाबी कार्रवाई करते हुए 55 सैनिकों को मार गिराया. इसके साथ ही दो बेस और 19 चेक पोस्ट पर कब्जा कर लिया. इस पर अब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा एम.आसिफ की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा है कि अब पाकिस्तान का सब्र जवाब दे गया है.
ख्वाजा एम.आसिफ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए अफगानिस्तान को चेतावनी दी है. उन्होंने एक्स पर दावा किया कि तालिबान भारत का मोहरा बन गया है और अब पाकिस्तान भी चुप नहीं बैठेगा.
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने कहा, 'नाटो सेनाओं की वापसी के बाद, ये उम्मीद की जा रही थी कि अफगानिस्तान में शांति कायम होगी और तालिबान अफगान जनता के हितों और क्षेत्रीय स्थिरता पर ध्यान देगा. हालांकि, तालिबान ने अफगानिस्तान को भारत का उपनिवेश बना दिया.'
तालिबान पर महिलाओं का हक छीनने के आरोप
ख्वाजा आसिफ ने तालिबान को लेकर बताया कि उन्होंने दुनिया भर से आतंकवादियों को अफगानिस्तान में इकट्ठा किया और आतंकवाद का निर्यात शुरू कर दिया. उन्होंने अपने ही लोगों को बुनियादी मानवाधिकारों से वंचित कर दिया. उन्होंने महिलाओं से वो अधिकार छीन लिए जो इस्लाम उन्हें देता है.
तालिबान को बताया भारत का मोहरा
ख्वाजा आसिफ ने पोस्ट में लिखा, 'पाकिस्तान ने खुले तौर पर और मित्र देशों के जरिए हालात को काबू में रखने के लिए हर मुमकिन कोशिश की. उसने व्यापक कूटनीति चलाई. फिर भी, तालिबान भारत का मोहरा बन गया. आज जब पाकिस्तान को आक्रमण का निशाना बनाने की कोशिशें की जा रहे हैं, ऊपर वाले की कृपा से हमारी सशस्त्र सेनाएं करारा जवाब दे रही हैं.'
'अब ये दमा दम मस्त कलंदर होगा...'
उन्होंने कहा, 'अतीत में पाकिस्तान की भूमिका सकारात्मक रही है. इसने 50 सालों तक 50 लाख अफगानों को शरण दी है. आज भी, लाखों अफगान हमारी धरती पर अपना रोजगार कमा रहे हैं. हमारा सब्र अब जवाब दे रहा है. अब आपके और हमारे बीच खुली जंग है. अब ये दमा दम मस्त कलंदर होगा.'
यह भी पढ़ें: डूरंड लाइन पर तालिबान मजबूत, पाकिस्तान आर्मी के 19 पोस्ट कब्जाए... जानें ग्राउंड पर क्या हैं हालात
ख्वाजा आसिफ ने आखिर में कहा कि पाकिस्तान की सेना समुद्र पार से नहीं आई है. अफगानिस्तान का पड़ोसी होने के नाते पाकिस्तान उसकी सच्चाई बहुत अच्छे से जानता है.
सुबोध कुमार