5 मंजिला मठ, स्विमिंग पूल-शीश महल का दावा कितना सच? स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के मठ में क्या मिला

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने वाले आशुतोष महाराज ने आरोप लगाया कि काशी का मठ 5 मंजिला है, इसके ऊपर स्विमिंग पूल है, शीश महल है. शिकायतकर्ता आशुतोष महाराज के आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसके लिए आजतक ने मठ के बाहर से लेकर अंदर तक जाना कि कहां क्या बना है.

Advertisement
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के मठ में क्या मिला. (Photo: Screengrab) स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के मठ में क्या मिला. (Photo: Screengrab)

संतोष शर्मा

  • वाराणसी,
  • 25 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:17 AM IST

यूपी में वाराणसी के केदार घाट पर स्थित श्री विद्या मठ इन दिनों चर्चाओं में है. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ता आशुतोष महाराज ने दावा किया कि यह मठ पांच मंजिला है, इसके ऊपर स्विमिंग पूल और शीश महल जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. इन आरोपों ने धार्मिक और सामाजिक हलकों में हलचल पैदा कर दी. लेकिन इन दावों की सच्चाई क्या है? इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए जब मौके पर पड़ताल की गई, तो तस्वीर कुछ अलग ही सामने आई.

Advertisement

केदार घाट की संकरी गलियों से होकर जब श्री विद्या मठ तक पहुंचा जाता है, तो सबसे पहले इलाके की भौगोलिक स्थिति ही कई सवाल खड़े करती है. इतनी तंग गलियां हैं कि यहां चार पहिया वाहन का पहुंचना बेहद मुश्किल है.

यहां देखें Video...

मठ के अंदर प्रवेश करते ही सबसे पहले बेसमेंट की ओर जाने वाली सीढ़ियां दिखाई देती हैं. नीचे जाने पर एक बड़ा हॉल मिलता है, जिसे कांच के पार्टिशन से विभाजित किया गया है. यही वह स्थान है, जहां स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सुबह पूजा करते हैं और अपने शिष्यों व बाहर से आने वाले भक्तों से मुलाकात करते हैं. इसी हॉल में शंकराचार्य का सिंहासन भी स्थापित है.

मठ की संरचना को लेकर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विशेष प्रतिनिधि देवेंद्र पांडे ने जानकारी दी. उनके अनुसार, मठ कुल तीन मंजिला है और बेसमेंट को जोड़कर यह चार स्तरों में बना है. सबसे नीचे बेसमेंट में पूजा स्थल और अतिथियों से मिलने का स्थान है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: कौन हैं 'शामली के हिस्ट्रीशीटर' आशुतोष महाराज, जिसने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाए यौन शोषण के आरोप

इसके ऊपर पहली मंजिल पर गुरुकुल है, जहां बटुकों के रहने और पढ़ने की व्यवस्था की गई है. दूसरी मंजिल पर रसोईघर है, जहां मठ से जुड़े लोगों और विद्यार्थियों के लिए भोजन तैयार होता है. तीसरी मंजिल पर सत्संग स्थल और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का आवास है.

इस तरह, मौके पर की गई पड़ताल में पांच मंजिला मठ का दावा सही नहीं पाया गया. मठ की संरचना साधारण और पारंपरिक है, जो पुराने काशी की स्थापत्य शैली के अनुरूप दिखाई देती है.

मठ की छत पर बनाई गई है हौदी

अब बात उस सबसे चर्चित दावे की- स्विमिंग पूल और शीश महल की. जांच में सामने आया कि मठ की छत पर किसी भी प्रकार का स्विमिंग पूल मौजूद नहीं है. हालांकि, एक पानी की हौदी (टब) जरूर बनाई गई थी. यह भी स्वास्थ्य कारणों से तैयार की गई थी.

बताया गया कि ब्रह्मलीन स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती को डॉक्टरों ने रोजाना चलने की सलाह दी थी, लेकिन शारीरिक कारणों से वह लंबी दूरी तक पैदल नहीं चल पाते थे. ऐसे में उनके लिए यह पानी की हौदी बनाई गई, जिसमें बैठकर वह पैरों की हलचल कर सकें. यह एक तरह की मेडिकल व्यवस्था थी, न कि कोई स्विमिंग पूल. वर्तमान में यह हौदी उपयोग में नहीं है और उसमें मठ से संबंधित पुराने कागज और सामान रखे हुए हैं.

Advertisement

दावों से काफी अलग दिखी मठ की संरचना

जहां तक शीश महल के दावे की बात है, पड़ताल में ऐसा कोई निर्माण या संरचना नहीं मिली, जिसे शीश महल कहा जा सके. मठ के अंदर का निर्माण साधारण है और धार्मिक गतिविधियों के अनुरूप ही दिखाई देता है.

मठ की वास्तविक संरचना और वहां मौजूद व्यवस्थाएं उन दावों से काफी अलग हैं. श्री विद्या मठ एक पारंपरिक धार्मिक स्थल है, जहां गुरुकुल, पूजा और सत्संग की गतिविधियां संचालित होती हैं. ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर कहा जा सकता है कि काशी के इस मठ को लेकर जो दावे किए गए, उनकी सच्चाई काफी अलग नजर आई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement