शाहजहांपुर से बीजेपी सांसद अरुण कुमार सागर के बेटे अंकित सागर पर हमले और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप में पुलिस ने राघवेंद्र सिंह उर्फ नीतू और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. 27 अप्रैल को साउथ सिटी कॉलोनी में कार के रास्ते से दोपहिया वाहन हटाने को लेकर विवाद हुआ था. आरोपी नीतू सिंह ने अंकित को जातिसूचक गालियां दीं, फायरिंग की और परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी. पुलिस ने रविवार को कड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. इस बीच, सोशल मीडिया पर सांसद के खिलाफ भड़काऊ पोस्ट करने वाले अरविंद सिंह चौहान को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
फायरिंग और बम से उड़ाने की धमकी
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सांसद के बेटे अंकित सागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विवाद के दौरान आरोपी ने उन पर गोली चलाई और जान से मारने की धमकी दी. आरोपियों ने भागने से पहले पूरे परिवार को बम से उड़ाने की बात कही.
पुलिस ने इस मामले में दंगा करने, हत्या के प्रयास (109-1 BNS) और एससी/एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
भड़काऊ पोस्ट पर पुलिस का एक्शन
मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब अरविंद सिंह चौहान नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर धमकी भरा संदेश लिखा. चौहान ने लिखा कि चाहे सांसद हो या मंत्री, समाज की बात आएगी तो संसद के अंदर भी गोलियां चलेंगी. पुलिस ने इस पोस्ट का तुरंत संज्ञान लिया और आरोपी चौहान को गिरफ्तार कर लिया.
मुख्य आरोपी फरार, भाई जेल में
बीजेपी सांसद अरुण कुमार सागर ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस घटना पर नाराजगी जताई थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नीतू सिंह के भाई मुकेश सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मुकेश को आर्म्स एक्ट के एक पुराने मामले में जेल भेजा गया है, जिसका फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ था. मुख्य आरोपी नीतू सिंह फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.
aajtak.in