समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का बुधवार की सुबह लखनऊ में निधन हो गया था. प्रतीक यादव को तबीयत बिगड़ने पर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया था. प्रतीक यादव के निधन पर उनके बड़े भाई यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सपा और बीजेपी के कई कद्दावर नेताओं ने शोक व्यक्त किया था. प्रतीक का अंतिम संस्कार आज यानी 14 मई को किया जाना है.
प्रतीक यादव के लखनऊ स्थित आवास के बाहर लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया है. कन्नौज, इटावा समेत कई जिलों से सपा समर्थक और मुलायम सिंह यादव के परिवार के शुभचिंतक प्रतीक के अंतिम दर्शन के लिए लगातार पहुंच रहे हैं. प्रतीक के आवास पर अंतिम संस्कार की तैयारियां अब तेज हो गई हैं. जिस गाड़ी से प्रतीक के पार्थिव शरीर को श्मशान घाट ले जाया जाएगा, वह गाड़ी भी आवास पर पहुंच चुकी है. प्रतीक को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचने वालों का सिलसिला भी लगातार जारी है.
ताजा अपडेट्स...
-प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर जिस वाहन से श्मशान घाट ले जाया जाएगा, उस वाहन को फूलों से सजा दिया गया है.
-प्रतीक यादव के घर पर बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे हैं. लोगों की आंखें नम हैं.
यह भी पढ़ें: 'जिंदगी हो या मौत… रहस्य ही रहे प्रतीक', ससुर अरविंद सिंह बिष्ट का भावुक पोस्ट
गुरुवार को यूपी सरकार के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि देने पहुंचे. कन्नौज से देवेंद्र सिंह भी सीधे लखनऊ पहुंचे. बताया जा रहा है कि दिव्यांग देवेंद्र को सुबह जैसे ही प्रतीक यादव के निधन की खबर मिली, वह भावुक हो गए और रोते हुए तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गए. गौरतलब है कि प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार लखनऊ के बैकुंठधाम (भैंसाकुंड) पर किया जाना है.
यह भी पढ़ें: प्रतीक के आखिरी वक्त में 1600 KM दूर थीं अपर्णा, पति की बिगड़ती हालत देख ज्योतिषाचार्य को लगाया था फोन
बता दें कि प्रतीक यादव सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे. प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. प्रतीक की शादी वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार बिष्ट की बेटी अपर्णा के साथ हुई थी. अपर्णा यादव फिलहाल बीजेपी में हैं और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं.
आशीष श्रीवास्तव