राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जहां बीकेटी थाना क्षेत्र में जीसीआरजी कॉलेज के सामने स्थित एक बिरयानी की दुकान के डीप फ्रीजर में एक युवक का शव मिला है. दुकान पिछले चार दिनों से बंद थी. बताया जा रहा है कि दुकान संचालक सनी रावत के पिता का देहांत हो गया था, जिसके चलते अंतिम संस्कार के दौरान दुकान बंद कर दी गई थी.
जब दुकान मालिक वापस पहुंचा और डीप फ्रीजर खोला तो अंदर एक युवक की लाश देखकर उसके होश उड़ गए. शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया. मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है. पुलिस उसके शिनाख्त में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: लखनऊ कांड: जेल में रातभर बड़बड़ाया अक्षत, खाना भी छोड़ा...पिता का कत्ल कर छिपाया था ड्रम में
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: फटे जूते, एक ही शर्ट में हफ्तों काम, 5 हजार से खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य... लखनऊ के मानवेंद्र सिंह की कहानी
बीकेटी थाना पुलिस ने बताया कि यहां एक बिरयानी की दुकान के फ्रीजर से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया. मामले में जांच की जा रही है और दुकान मालिक से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
आशीष श्रीवास्तव