LPG Crisis ने परदेस में रहने वालों की कमर तोड़ी: सामान समेटकर ट्रेनों से वापस गांव चले प्रवासी मजदूर

ईरान युद्ध के चलते भारत में एलपीजी का भीषण संकट गहरा गया है. दिल्ली, मुंबई और गुजरात में गैस की किल्लत और ब्लैक मार्केटिंग से परेशान यूपी-बिहार के मजदूर और छात्र अपने घरों को लौट रहे हैं. ₹3000 तक पहुंच चुके गैस के दाम और खाने की समस्या ने प्रवासियों को पलायन के लिए मजबूर कर दिया है.

Advertisement
गैस संकट के चलते प्रवासी मजदूर अपने गांवों को लौट रहे (Photo- ITG) गैस संकट के चलते प्रवासी मजदूर अपने गांवों को लौट रहे (Photo- ITG)

उदय गुप्ता

  • चंदौली ,
  • 02 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:31 PM IST

ईरान युद्ध को शुरू हुए एक महीने से ज्यादा का वक्त बीत गया है. एक तरफ जहां युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है वहीं दूसरी तरफ इस जंग की वजह से भारत में एलपीजी संकट का दौर भी शुरू हो गया है. आलम यह है कि अब दिल्ली, मुंबई सहित गुजरात के शहरों में काम करने वाले यूपी-बिहार के लोग एलपीजी संकट के चलते अपने घरों को वापस लौट रहे हैं. 'आजतक' रिपोर्टर ने उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर दिल्ली, मुंबई और गुजरात से बिहार की तरफ वापस जा रहे लोगों से बातचीत की. इस दौरान लोगों ने अपनी-अपनी कहानी बयां की...

Advertisement

आपको बता दें कि यह तस्वीर दिल्ली-हावड़ा रेल रूट के सर्वाधिक व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में शुमार पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की है. नई दिल्ली से चलकर गुवाहाटी होते हुए सिलचर को जाने वाली पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस जब यहां पहुंची तो हमने इस ट्रेन में सवार कुछ ऐसे लोगों से बातचीत की जो एलपीजी संकट की वजह से वापस अपने गांव जा रहे थे. यहां पर हमारी मुलाकात बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले मिथुन कुमार से हुई. मिथुन कुमार गुजरात के हजीरा में एक प्लांट में सरिया शटरिंग का काम करते हैं. मिथुन ने बताया कि मैं गुजरात से आ रहा हूं और यहां पर मैंनें इस ट्रेन को पकड़ा है. गुजरात में भी एलपीजी संकट है. जो गैस हम लोगों को 500 में मिल जाती थी अब वह सीधा ₹1500 में मिल रही है. वहां पर लगभग सभी लोग चूल्हे पर खाना पका रहे हैं. गैस की तंगी की वजह से हम लोग घर वापस जा रहे हैं. क्योंकि गैस की प्रॉब्लम हो रही है और खाना बनाने में दिक्कत हो रही है. 

Advertisement

जब हमने मिथुन कुमार से पूछा कि वापस कब जाएंगे तो उन्होंने बताया कि जब स्थिति सामान्य हो जाएगी और गैस उपलब्ध होने लगेगी तब वह अपने काम पर वापस जाएंगे. मिथुन ने बताया कि होटल में जो खाना मिल रहा था वह अभी काफी महंगा हो गया है. जो खाना ₹60 में मिलता था वह 100 से 150 रुपए में मिल रहा था. होटल भी बंद पड़ गया था.

इसी ट्रेन में हमारी मुलाकात शाहिद आलम नाम के छात्र से हुई. शाहिद मोतिहारी के रहने वाले हैं और दिल्ली के न्यू अशोक नगर में रहकर पढ़ाई करते हैं. शाहिद ने बताया कि गैस न मिलने की वजह से काफी दिक्कत हो रही थी. हम लोग खाना बना नहीं पा रहे थे और होटल में खाना खाना पड़ता था. गैस संकट से होटल भी बंद हो गए. जो खाना हम लोगों को ₹100 मिलता था उसकी कीमत ₹200 और उससे भी ज्यादा हो गई. जहां हम रहते हैं वहां 1 किलो गैस की कीमत ₹450 हो गई है. इस प्रॉब्लम की वजह से हमारे बहुत से साथी हैं जो वापस अपने गांव जा रहे हैं. गैस को लेकर स्थिति काफी खराब है. सरकार की तरफ से कोई सुविधा नहीं मिल पा रही है. गैस की जबरदस्त ब्लैक मार्केटिंग हो रही है.

Advertisement

वहीं, पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति से ही यात्रा कर रहे बिहार के सुपौल जिला के रहने वाले सत्यनारायण ने बताया कि वह दिल्ली के नरेला में रहकर मजदूरी का काम करते हैं. गैस नहीं मिल रही थी. 1 किलो गैस का साढ़े तीन सौ रुपए मांग रहे थे लेकिन बावजूद इसकी गैस नहीं मिल रही. सत्यनारायण ने आगे बताया कि हमारे साथ के तकरीबन 50-60 आदमी हैं जो काम छोड़कर वापस अपने गांव जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि जब तक गैस मिलना शुरू नहीं हो जाएगा तब तक हम लोग काम पर वापस नहीं जा पाएंगे. जलाने के लिए लकड़ी भी नहीं मिल रही है.  लकड़ी की कीमत भी काफी बढ़ गई है. हम लोगों को बहुत कठिनाई हो रही थी इसलिए हम सब वापस चल दिए कि जब तक गैस नहीं मिलेगा तब तक वापस नहीं आएंगे.

इसी बीच बिहार के बेगूसराय के रहने वाले प्रवीण से मुलाकात हुई जो दिल्ली में रहकर मजदूरी का काम करते हैं. प्रवीण बताते हैं की मजदूरी काम है और गैस नहीं मिलने की वजह से महंगाई भी बढ़ गई है. जिसकी वजह से हम लोग वापस जा रहे हैं. वहां पर खाना बनाने में दिक्कत आ रही थी.

पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति में यात्रा कर रहे लोगों से बातचीत के बाद रिपोर्टर ने मुंबई से आसनसोल जाने वाली ट्रेन में यात्रा कर रहे कुछ लोगों से बातचीत की. इस ट्रेन में यात्रा करने वाले लोगों ने भी वही कहानी दोहराई जो दिल्ली से बिहार वापस जा रहे हैं लोगों ने बताई थी. हमारी मुलाकात मुंबई आसनसोल एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे मुन्ना मंडल नाम के एक कामगार से हुई. मुन्ना बिहार के भागलपुर जिला के रहने वाले हैं और मुंबई में रहकर मजदूरी का काम करते हैं. 

Advertisement

मुन्ना ने बताया कि हम लोग मुंबई में रहकर मजदूरी का काम करते हैं गैस नहीं मिल रहा है. जिसकी वजह से हम वापस जा रहे हैं. मुन्ना और उनके साथ ही किराए के मकान में रहते हैं और उनके मकान मालिक ने लकड़ी पर खाना बनाने से मना कर दिया. जिसकी वजह से मजबूर होकर इन लोगों को वापस अपने गांव जाना पड़ा. मुन्ना ने आगे बताया कि इस वजह से हम लोग वापस जा रहे हैं आखिर खाना बनाएंगे तो कैसे बनेंगे. हमारे साथ तकरीबन 20 आदमी हैं जो हम लोग वापस जा रहे हैं. मकान मालिक बोलता है कि मकान खराब हो जाएगा और लकड़ी पर खाना बनाने नहीं दे रहा है. मुन्ना ने बताया कि जब वहां पर सहूलियत से सब चीज मिलने लगेगा तो वापस जाएंगे.

इसी ट्रेन से यात्रा कर रहे कटिहार के रहने वाले विकास कुमार मुंबई की एक कंपनी में बेलदार का काम करते हैं. विकास ने बताया कि विदेश में जंग की वजह से गैस नहीं मिल रहा है और हम लोगों को काफी दिक्कत हो रही थी. गैस हम लोगों को नहीं मिलेगा तो खाना कैसे बनाएंगे और ड्यूटी कैसे जाएंगे. हमारे साथ के बहुत लोग हैं जो अपने घरों को वापस लौट रहे हैं. 

Advertisement

इसी ट्रेन से यात्रा कर रहे मुन्ना कुमार से हमारी मुलाकात हुई. मुन्ना कुमार बिहार के रहने वाले हैं और मुंबई में रहकर गाड़ी चलाते हैं. मुन्ना ने हमें बताया कि गैस की प्रॉब्लम की वजह से हम लोगों को वापस जाना पड़ रहा है. जब गैस मिलना शुरू हो जाएगा तो हम वापस जाएंगे. हम 5-6 लोग हैं जो वापस जा रहे हैं. सरकार वहां पर कोई भी व्यवस्था नहीं कर पा रही है. हम लोगों को खाना बनाने में काफी दिक्कत हो रही थी. 

मुंबई से आसनसोल जाने वाली ट्रेन जब पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से खुली तो इसी प्लेटफार्म पर आनंद विहार से चलकर कामाख्या जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल आई. इस ट्रेन का जनरल कोच भी ठसाठस भरा हुआ मिला. हमने ब्रह्मपुत्र मेल में यात्रा कर रहे हसन नाम के यात्री से बातचीत की. कोलकाता के रहने वाले हसन दिल्ली में मिस्त्री का काम करते हैं. हसन ने बताया कि सब कुछ महंगा हो गया है. गैस की कीमत ज्यादा बढ़ गई है. जो गैस 1100 में मिलती थी वह 3000 से ऊपर में मिल रही है. इसका सॉल्यूशन कब तक निकलेगा समझ में नहीं आ रहा है. हम लोगों को नए हीटर लेना पड़ा, हीटर पर खाना बना रहे थे. काम करेंगे तो खाना तो पड़ेगा ही. जब तक गैस की समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक हम वापस नहीं जाएंगे. हसन ने बताया कि उनके साथ काम से कम 20 लोग हैं जो वापस जा रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement