'ट्रेन में आग लगी है, भागो...'अफवाह से मचा हड़कंप, चेन पुलिंग कर कासगंज एक्सप्रेस से कूदने लगे यात्री  

कानपुर के शिवराजपुर इलाके में कासगंज एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. घबराए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी और कई लोग चलती ट्रेन से नीचे उतरने लगे. बाद में जांच में पता चला कि ट्रेन में आग नहीं लगी थी, बल्कि ट्रैक पर उड़ रही गिट्टी की धूल को धुआं समझ लिया गया था.

Advertisement
ट्रेन में आग की अफवाह से हड़कंप, कोच से कूदने लगे यात्री (Photo: itg)   ट्रेन में आग की अफवाह से हड़कंप, कोच से कूदने लगे यात्री (Photo: itg)  

सिमर चावला

  • कानपुर ,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:23 AM IST

उत्तर प्रदेश में कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम फर्रुखाबाद की ओर जा रही कासगंज एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया. अफवाह इतनी तेजी से फैली कि घबराए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी और कई लोग ट्रेन धीमी होते ही नीचे कूद पड़े.

अनवरगंज से कासगंज जा रही 15039 कासगंज एक्सप्रेस शिवराजपुर पहुंचने से पहले ट्रैक पर उड़ रही गिट्टी की धूल को कुछ यात्रियों ने धुआं समझ लिया. इसी दौरान ट्रेन में सवार एक यात्री ने आग लगने की बात कहकर अफवाह फैला दी. इसके बाद कोचों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

Advertisement

दहशत के बीच किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी. ट्रेन की रफ्तार कम होते ही कई यात्री नीचे उतरने और कूदने लगे. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. सूचना मिलते ही शिवराजपुर पुलिस और रेलवे कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पता चला कि ट्रेन में कहीं भी आग नहीं लगी थी. ट्रैक पर डाली गई नई गिट्टी की उड़ती धूल की वजह से भ्रम की स्थिति पैदा हुई थी.

स्टेशन मास्टर ने बताया कि आग लगने जैसी कोई घटना नहीं हुई थी. एहतियात के तौर पर ट्रेन को कुछ देर रोककर जांच की गई, जिसके बाद उसे गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया. वहीं थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि अफवाह फैलाने वाले यात्री की पहचान की जा रही है. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement