ग्रेटर नोएडा: पत्नी को फोटो भेजना है... उंगलियों में पहनीं 5 सोने की अंगूठियां, फिर ज्वेलर की आंखों में स्प्रे छिड़क भागा

ग्रेटर नोएडा के कासना में 'शगुन ज्वेलर्स' पर लूट की अनोखी वारदात हुई. एक बदमाश ने अंगूठी खरीदने के बहाने पांच सोने की अंगूठियां पहनीं और फिर ज्वेलर की आंखों में स्प्रे मारकर फरार हो गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement
दुकान में लूट का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab) दुकान में लूट का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab)

अरुण त्यागी

  • ग्रेटर नोएडा ,
  • 15 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:22 PM IST

ग्रेटर नोएडा में एक ज्वेलरी शॉप से ज्वेलर की आंखों में स्प्रे मार कर पांच सोने की अंगूठी लूटने का मामला सामने आया है. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है. फिलहाल, पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद आगे की जांच पड़ताल में जुट गई है.

बता दें कि ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के कस्बे की कालीचरण मार्केट में शगुन ज्वेलर्स के नाम से हेमपाल वर्मा की ज्वैलर शॉप है. उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को एक व्यक्ति उनकी शॉप पर आया और उसने लेडीज अंगूठी दिखाने के लिए बोला. इस पर मैंने उसे सोने की अंगूठी दिखा दी. इसके बाद उसने उन सभी 5 अंगूठियों को अपनी उंगलियों में पहन लिया. 

Advertisement

कुछ देर बाद जब हेमपाल वर्मा ने उससे कहा कि अब अंगूठियां उतार दो तो उसने कहा कि रुकिए मैं इनकी फोटो खींचकर अपनी पत्नी को भेजूंगा. लेकिन अगले ही पल उसने अपनी जेब से एक स्प्रे निकाला और वर्मा की आंखों में उसे मार दिया और मौके से भाग गया. हालांकि, पीड़ित ने उसका पीछा किया मगर उन्हें स्प्रे की वजह से दिखना बंद हो गया था, इसलिए आरोपी भागने में सफल रहा. 

पीड़ित ने इस मामले में पुलिस से भी शिकायत की है. वहीं यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है, जिसमें साफ तौर पर दिख रहा है कि पहले आरोपी ने अंगूठियां देखीं, उन्हें उंगलियों में पहना और फिर कुछ देर बाद ज्वेलर की आंख में स्प्रे मार कर वहां से फरार हो गया.

कासना थाना पुलिस ने पीड़ित ज्वेलर्स की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है. जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement