गोंडा में बृजभूषण शरण सिंह के करीबी पर फायरिंग, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह को लगी गोली, लखनऊ रेफर

गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात चुनावी रंजिश में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह को गोली मार दी गई. पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी माने जाने वाले भूपेंद्र सिंह को नाजुक हालत में लखनऊ रेफर किया गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement
गोंडा में भूपेंद्र सिंह पर चली गोली (Photo- ITG) गोंडा में भूपेंद्र सिंह पर चली गोली (Photo- ITG)

अंचल श्रीवास्तव

  • गोंडा ,
  • 21 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:29 AM IST

Uttar Pradesh News: गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10 बजे भाजपा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह पर जानलेवा हमला हुआ. चुनावी रंजिश को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से हुई कहासुनी के बाद उन्हें गोली मार दी गई. घटना उस वक्त हुई जब भूपेंद्र सिंह अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे, गोली लगने के बाद उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई.

Advertisement

इसके बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज और फिर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया. वर्तमान में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

बृजभूषण सिंह के करीबी हैं घायल भूपेंद्र

घायल भूपेंद्र सिंह पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेहद करीबी माने जाते हैं. उनकी पत्नी परसपुर पंचम से जिला पंचायत सदस्य हैं. इस हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और साक्ष्य जुटाए. पुलिस रंजिश के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.

आरोपियों की धरपकड़ के लिए 4 टीमें गठित

एसपी विनीत जायसवाल ने घटना के सफल अनावरण और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमों का गठन किया है. पुलिस की ये टीमें संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस प्रशासन का दावा है कि जल्द ही हमलावरों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. वारदात के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement