Uttar Pradesh News: इटावा के थाना जसवंत नगर क्षेत्र के बिहारीपुर गांव में बुधवार को नारायण नामक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपने दो छोटे बच्चों को जमीन और दीवार पर पटक दिया. इस घटना में उसकी 5 महीने की बेटी दिव्यांशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 वर्षीय बेटा शिवांश अस्पताल में है. आरोपी पिता दूसरी महिला से अफेयर के चलते अपनी पत्नी प्रियंका उर्फ मोहिनी को तलाक देने की धमकी दे रहा था और इसी झगड़े के दौरान उसने बच्चों पर हमला किया. पुलिस ने मोहिनी की शिकायत पर मामला दर्ज कर बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
तलाक की जिद और खौफनाक अंत
बिहारीपुर गांव में रहने वाली मोहिनी की शादी पहले सतीश से हुई थी, जिसकी मौत के बाद उसने छोटे भाई नारायण से विवाह किया. मोहिनी का आरोप है कि नारायण का किसी अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग है, जिसके कारण वह अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था.
वारदात के दिन भी वह शराब के नशे में घर आया और तलाक देने की बात पर झगड़ने लगा. देखते ही देखते गुस्से में उसने 5 महीने की बेटी को पत्थर पर और 3 साल के बेटे को दीवार पर दे मारा.
शव छिपाने की कोशिश और पुलिस कार्रवाई
मासूमों को पटकने के बाद आरोपी और उसके परिवार वाले बच्चों को इलाज के बहाने ले गए, लेकिन असल में वे बच्ची के शव को छिपाए रहे. जब मोहिनी ने पुलिस को सूचना दी, तब जाकर सच्चाई सामने आई. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद में नशेड़ी पिता ने यह कदम उठाया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. मासूम बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
अमित तिवारी