गोंडा: सरयू किनारे सास की चिता सजा रहे दामाद को पानी में खींच ले गया मगरमच्छ, 20 घंटे से तलाश जारी

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए ग्रेटर नोएडा के एक युवक को सरयू नदी में मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया और गहरे पानी में खींच ले गया.

Advertisement
दीपक की तलाश में सरयू में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया (Photo- Screengrab) दीपक की तलाश में सरयू में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया (Photo- Screengrab)

अंचल श्रीवास्तव

  • गोंडा ,
  • 21 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:48 AM IST

ग्रेटर नोएडा का रहने वाला दीपक शर्मा अपनी सास के निधन पर गोंडा आया था. लेकिन यहां वो एक खौफनाक हादसे का शिकार हो गया. दरअसल, दीपक अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा था. इसी बीच जब वो सरयू में हाथ धोने के लिए उतरा तो एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में घसीट ले गया. जैसे ही लोगों की नजर पड़ी चीख-पुकार मच गई. देर शाम तक दीपक का कोई पता नहीं चल सका. तलाशी अभियान जारी है. एसडीआरएफ की टीम पहुंच रही है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. 

Advertisement

दरअसल, ग्रेटर नोएडा निवासी 30 वर्षीय दीपक शर्मा बुधवार दोपहर गोंडा जिले के सनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही के पास सरयू नदी के किनारे अपनी सास उर्मिला देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने उमरी गांव आए थे. वह नदी के घाट पर चिता सजाने के लिए खूंटा गाड़ रहे थे और गड्ढा खोद रहे थे. इसके बाद वह नदी के किनारे नहाने के लिए गए और जैसे ही उन्होंने एक डुबकी लगाई, वैसे ही पानी से बाहर निकले एक मगरमच्छ ने अचानक हमला करके उनका सिर अपने जबड़े में दबाया और तेजी से पानी के अंदर खींच ले गया.

प्रत्यक्षदर्शियों ने किया था मना, 12 वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि

घटना के प्रत्यक्षदर्शी राजेश शुक्ला ने बताया कि सभी लोगों ने दीपक को दामाद होने के कारण चिता सजाने के लिए मना किया था, लेकिन वह नहीं माने. उनके पानी में जाते ही मगरमच्छ ने उन्हें दबोच लिया. इसके बाद चीख-पुकार मच गई. इस खौफनाक हादसे के बाद मृतक उर्मिला देवी का अंतिम संस्कार किया गया, जिनकी चिता को उनके 12 वर्षीय बेटे राज ने आग दी. बाबूलाल शर्मा की पोती से दीपक का विवाह हुआ था, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है.

Advertisement

ग्रामीणों और नाविकों ने की तलाश, देर शाम तक नहीं मिला सुराग

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, नाविक और एसडीएम तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय ग्रामीणों और राजस्व विभाग की टीम ने नाव के जरिए नदी में दीपक की काफी खोजबीन की और तलाशी अभियान चलाया. काफी कोशिशों के बाद भी कल देर शाम तक दीपक का कोई पता नहीं चल सका और सफलता नहीं मिलने पर अभियान रुक गया. इस घटना से पूरे इलाके और पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया है.

लखनऊ से बुलाई गई SDRF, टीम के आने का इंतजार

उमरी बेगमगंज थाना अध्यक्ष चंदन कुमार और जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने फोन पर बताया कि रेस्क्यू के लिए लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है. फिलहाल पीड़ित परिवार और अन्य ग्रामीण नदी के किनारे इकट्ठा हैं. अभी तक दीपक का शव बरामद नहीं हुआ है. सभी लोग एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि टीम के आने पर रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement